Wednesday, August 5, 2009

चलो चलें मेरे हम सफर इंक्लाब की राह पर

अरविन्द शेखर मेरा मित्र है। अखबार में काम करता है । अरविन्द के व्यक्तित्व पर कभी फिर बात हो सकती है पर जिस वजह से मैं यहां उसका जिक्र करना चाहता हूं वह यही कि निरंतर सामाजिक बदलाव के सपनों को देखने वाले अरविन्द के मार्फत मैं पाकिस्तान के लाल बैंड तक पहुंच पाया हूं। एक ऐसे बैंण्ड तक जिसके युवा साथियों के जोश और इंक्लाबी जुनून को यू टयूब में देखा और सुना जा सकता है। शाहराम, तैमूर रहमान, हैदर रहमान और महाविश वकार जैसे लाल बैंड के युवा साथियों का जोश जिन कारणों से उल्लेखनीय है उसे उनके ही मुंह से सुना जा सकता है। वे कहते हैं कि हमारा संगीत आवाम की निजात के लिए है। गरीबी और बदहाली में जीती पाकिस्तानी आवाम के प्रति अपने प्रतिबद्धता को प्रकट करते हुए उनको सुना जा सकता है कि हमारी कोशिश खुद का विकास भी है और युवाओं में प्रगतिशील चेतना को प्रसार भी। लाल बैण्ड का सफर उम्मीद-ए-सहर का सफर है। जिसमें हबीब जालिब, फैज अहमद फैज और अहमद फराज जैसे तरक्की पसंद शाइरों की शाइरी गूंज रही है। अरविन्द के ही हवाले से एक रिपोर्ट भी यहां प्रस्तुत है:-



उत्तराखंड की तीन संरक्षित विरासतें गुम

देहरादून।
उत्तराखंड में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित 44 विरासतों में से तीन का कोई अता-पता नहीं है। अल्मोड़ा जिले की रानीखेत तहसील के द्वाराहाट स्थित कुटंबरी मंदिर, हरिद्वार जिले की रुड़की तहसील के खेड़ा की बंदी और नैनीताल जिले की रामनगर तहसील के ढिकुली स्थित विराटपत्तन की प्राचीन इमारतों के अवशेषों का भी कुछ पता नहीं है।

उत्तराखंड में केंद्रीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग का देहरादून सर्किल प्रदेश में 44 पुरातात्विक महत्व के ढांचों और स्थानों का देखरेख करता है। इनमें से तीन का गुम हो जाना अचरज की बात है। मालूम हो कि हाल में ही केंद्र सरकार ने स्वीकार किया है कि देश भर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग द्वारा संरक्षित कुल 3675 पुरातात्विक महत्व की इमारतों व स्थानों में से 36 गुम हो गई हैं। इनमें से तीन उत्तराखंड, 12 दिल्ली की, आठ यूपी की, तीन जम्मू कश्मीर, दो राजस्थान, दो हरियाणा, दो गुजरात, दो कर्नाटक व एक-एक असम व अरुणाचल प्रदेश से हैं। देहरादून सर्किल के अधीक्षण पुरातत्वविद डा. देवकी नंदन डिमरी का कहना है कि पचास के दशक में जब देश में पहली बार पुरातत्व स्थलों की सूची बनाई गई तो उसमें कई नाम स्थानीय लोगों की सूचना पर दर्ज कर लिए गए। इनमें से कई स्थानों का पुरातत्व विभाग ने भौतिक सत्यापन भी नहीं किया। तब पुरातत्व विभाग ने द्वाराहाट के कुटुंबरी मंदिर के बारे में स्थानीय लोगों से जानकारी चाही तो उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं थी। बहुत संभव है कि वह द्वाराहाट के मंदिर समूहों में से ही कोई मंदिर रहा हो या समय की मार से नष्ट हो गया हो। ढिकुली के विराटपत्तन के बारे में कहा जाता है कि यहां महाभारत का विराटनगर था और यहां पांडव आए थे। वैसे ढिकुली में कत्यूरी शासक जाड़ों में धूप तापने आते थे। यहां आज भी खुदाई में कत्यूरी काल की इमारतों के अवशेष मिल जाते हैं, लेकिन एएसआई के मुताबिक विराटपत्तन का अब तक कुछ पता नहीं है। तीसरी गुम हुई जगह रुड़की की खेड़ा बांदी कब्र है। डा. डिमरी का कहना है कि खेड़ा बांदी के गुम होने के बारे में भ्रम है, क्योंकि इसी नाम का एक स्थल आगरा सर्किल में भी संरक्षित है। दरअसल पचास के दशक में जब पुरातात्विक जगहों का नोटिफिकेशन हुआ तब तक यह क्षेत्र सहारनपुर जिले में था। उस समय रुड़की, हरिद्वार भी सहारनपुर जिले में था।

1 comment:

अजेय said...

प्रेरक पोस्ट! बात ऐसे भी तो पहुंचाई जा सकती है लोगों तक. पश्चिम में यह बहुत पहले से होता रहा है. लाल बेंड का स्वागत है. मुझे यु ट्युब ज्वाईन कर्ना ही पड़ेगा....