Monday, June 7, 2010

विलुप्ति के कगार पर भाषा-बोलियां

आज से पांच दशक पूर्व जब मैं शोध हेतु राजियों की जंगली बस्तियों में गया तो मैंने पाया कि वे अलगाव की स्थिति से बहुत कुछ उबर चुके थे। कभी की गुहावासी और पत्रधारिणी जाति के वे लोग अपने पड़ोसियों के खेतों में खेतिहर मजदूरों का काम करने लगे थे। लकड़ी के बरतनों के बदले अनाज लेकर चुपचाप खिसक जाने की जगह सौदा तय करने की स्थिति में आ गए थे। इसके लिए उन्हें पड़ोसियों की भाषा सीखनी पड़ी और इस तरह उनकी भाषा में अन्य भाषा-बोलियों के शब्द घुसपैठ करने लगे। आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक दबावों के चलते आज राजी भाषा उनके अपने घर-परिवार से भी बहिष्कृत होने लगी है। डॉक्टर कविता श्रीवास्तव के अनुसार भी राजी भाषा आज उनके धार्मिक रीति-रिवाजों और घर-परिवार तक ही इतनी सीमित हो चुकी है कि वहां भी अब पड़ोस की भाषा-बोलियों के शब्दों का धड़ल्ले से प्रयोग होने लगा है। संपर्क की भाषा कुमाऊंनी-नेपाली या विशेष रूप से हिंदी हो चुकी है। नई पीढ़ी अपनी भाषा के प्रति पूर्णत: उदासीन लगती है और यह भाषा विलुप्त होने की जद में है। यूनेस्को की एक रिपोर्ट में हिमालयी किरातस्कंधीय तथा अन्य उन बोलियों के नाम आए हैं जो खतरे में हैं लेकिन राजी का नाम नहीं है। जबकि इस अल्पसंख्यक जनजाति की भाषा का कोई भविष्य दृष्टिगोचर नहीं होता। इसी के समीप पुरानी जौहारी जो दरमियां-चौंदासी-ब्यांसी के अपने ही सर्वनामीय वर्ग की थीं, बहुत पहले विलुप्त हो गईं थीं और उसकी जगह आज कुंमाऊनी बोली जाती है। लगता है यही स्थिति राजी भाषा की भी होने वाली है।
- डॉ. शोभाराम शर्मा
डॉ. शोभाराम शर्मा
राजी, राजी भाषा और उसका क्षेत्र:


पश्चिम में हिंदुकुश-पामीर की वादियों से लेकर पूरब में अरुणाचल प्रदेश तक भारतीय उपमहाद्वीप के विशाल हिमालयी क्षेत्र में जिन भाषा-बोलियों का प्रचलन रहा या है उनमें से उत्तराखंड के पूर्वी छोर और पश्चिमोत्तर नेपाल के जंगलों में व्यवहृत एक अल्पसंख्यक राजी नामक जनजाति की भाषा भी है। काली नदी जो उत्तराखंड और नेपाल को अलग करती है, उसी के आर-पार के जंगलों में राजी भाषा-भाषी भी निवास करते हैं। यह नदी नैनीताल जिले के टनकपुर-बनबसा तक काली कहलाती है और यहीं तक वह उत्तराखंड की पूर्वी सीमा का निर्धारण करती है। इसके आगे वह शारदा, अयोध्या में सरयू और अंतत: घाघरा नाम से गंगा में समाहित हो जाती है। उत्तराखंड के पूर्वी जिलों पिथौरागढ़ एवं चंपावत के धारचुला, डीडीहाट, पिथौरागढ़ और चंपावत तहसीलों के जंगल ही राजी भाषा-भाषियों के मुख्य आवास-स्थल हैं। इधर नैनीताल के चकरपुर में भी इनके कुछ परिवारों का पता चला है।
    भारतीय सीमा के भीतर सन् 2001 की जनगणना के अनुसार इनकी कुल जनसंख्या मात्र 517 आंकी गई है। नेपाल की सीमा में भी इस जनजाति की लगभग यही स्थिति है। राजी के अतिरिक्त इन्हें बनरौत, रावत, वनमानुष या जंगली या जंगल के राजा भी कहा जाता है। अटकिन्सन आदि के अनुसार राजी राजकिरात का तद्भव है। पौराणिक ग्रंथ हिमालयी जनजातियों में किन्नर किरातों और राज किरातों का उल्लेख भी करते हैं। ये राजकिरात किरात ही थे या किरातों पर शासन करने वाली दूसरी जाति के लोग थे इसकी छानबीन करना सरल नहीं है। राजी अपने को अस्कोट के रजवारों में से मानते हैं। जबकि अस्कोट आदि के रजवार कत्यूरी वंश के हैं और कत्यूरी खस थे या बाद के शक-कुषाण, यह विवादास्पद है। राजियों के वर्तमान रूप-रंग और आकार-प्रकार को देखकर यही प्रतीत होता है कि राजी एक वर्णसंकर कबीला है जिसमें मुख्यत: निषाद जातीय तत्व प्राप्त होते हैं और गौण रूप में मंगोल प्रभाव भी परिलक्षित होता है। यही कारण है कि वे तराई-भाबर के थारू एवं बोक्सों से अधिक मेल खाते हैं। इस दृष्टि से इस जाति को मलयेशियन जातियों के समकक्ष रखा जा सकता है। जिनमें मंगोल और आस्ट्रिक जातियों का सम्मिश्रण प्राप्त होता है।
   राजियों की भाषा का अलग से कोई स्वतंत्र नाम नहीं है। जाति के नाम से ही इसे राजी नाम मिला है। विकल्प से इसे रौती या जंगली भी कह दिया जाता है और ये नाम भी बनरौत एवं जंगली जैसे जाति नामों पर ही आधारित हैं। जाति और उसकी भाषा के लिए जंगली नाम का उल्लेख सर्वप्रथम जार्ज ग्रिर्यसन ने सन् 1909 के अपने सर्वेक्षण में किया था।

राजी भाषा का संक्षिप्त इतिहास:

राजी जाति और उनकी भाषा का कोई क्रमबद्ध इतिहास प्राप्त नहीं है। राजी भाषा-भाषी आज तक भी अर्धघुम्मकड़ वन्य कबीले के रूप में जीवन-यापन करने से पूरी तरह मुक्त नहीं हो पाए हैं। इनकी भाषा को सामान्यत: बोली कहा जाता रहा है। लेकिन यह न तो अपने चारों ओर की आर्य परिवार की खस-प्राकृत से निसृत कुमाऊंनी और नेपाली से मेल खाती है और न उत्तर में पड़ोस की किरातस्कंधीय-दरमियां-चौंदासी-ब्यांसी जैसी तिब्बती-बर्मी वर्ग की बोलियों से ही सीधे-सीधे संबंधित है। अपने क्षेत्र विशेष में अलग-थलग पड़ी होने से इसे बोली की जगह भाषा कहना ही युक्तिसंगत लगता है।
भाषाविद् ब्रियान हार्टन हाग्सन ने किरातस्कंधीय बोलियों को सर्वनामीय एवं असर्वनामीय दो वर्गों में विभाजित किया है। इन दोनों वर्गों में एक भिन्नमूलक तलछंट पाई जाती है। जिसे भाषाविद् मुंडा परिवार का अवशेष मानते हैं। डॉक्टर स्टेन कोनी के इस मत को स्वीकार करते हुए ग्रिर्यसन का मानना है कि मुंडा के ये अवशेष असर्वनामीय वर्ग की जगह सर्वनामीय वर्ग में अधिक मुखर हैं। इस वर्ग की कुछ भाषा-बोलियों में तो ये अवशेष इतने अधिक हैं कि उन्हें मुंडा परिवार की भाषा-बोली कहने में संकोच नहीं होता।

   तिब्बत-बर्मी उप परिवार की भाषा-बोलियां हिमालय के दक्षिणी ढलानों और पूर्वोत्तर में बोली जाती हैं। इसी परिवार के भाषा-भाषियों को किरात कहा जाता है। भाषाविद् ब्रियान हार्टन हाग्सन ने किरातस्कंधीय बोलियों को सर्वनामीय एवं असर्वनामीय दो वर्गों में विभाजित किया है। इन दोनों वर्गों में एक भिन्नमूलक तलछंट पाई जाती है। जिसे भाषाविद् मुंडा परिवार का अवशेष मानते हैं। डॉक्टर स्टेन कोनी के इस मत को स्वीकार करते हुए ग्रिर्यसन का मानना है कि मुंडा के ये अवशेष असर्वनामीय वर्ग की जगह सर्वनामीय वर्ग में अधिक मुखर हैं। इस वर्ग की कुछ भाषा-बोलियों में तो ये अवशेष इतने अधिक हैं कि उन्हें मुंडा परिवार की भाषा-बोली कहने में संकोच नहीं होता। हिमाचल प्रदेश की कनावरी या किन्नौरी एक ऐसी ही बोली है जिसे कुछ भाषाविद् मुंडा परिवार की ही एक बोली मानते हैं। राजियों के समीप की किरातस्कंधीय बोलियां भी सर्वनामीय वर्ग की हैं किंतु उनके बोलने वाले भी राजी को समझ नहीं पाते। जबकि ग्रिर्यसन ने जंगली नाम से राजी भाषा को भी सर्वनामीय वर्ग में ही गिना जाता है। इसका कारण शायद यही है कि राजी भाषा में मुंडा के अवशेष इतने अधिक हैं कि उसे न तो किरातस्कंधीय और न आर्य भाषा-भाषी ही समझ पाते हैं। हिमालय के इस क्षेत्र में पूर्वी नेपाल की किरान्ति बोलियां भी सर्वनामीय वर्ग की हैं। मेघालय की खासी बोली को तो भाषाविद् कुन (KUHN) ने आग्नेय परिवार की मौन-ख्मेर के साथ जोड़ा है। उधर पश्चिम में कनावरी और उसके आस-पास की कतिपय बोलियां भी सर्वनामीय वर्ग की मानी जाती हैं। इससे स्पष्ट होता है कि यह क्षेत्र कभी आस्ट्रो-एशियाटिक ;आग्नेय देशीय भाषा-भाषियों का गढ़ था और राजी भाषा भी उसी की एक बची-खुची निधि है जिस पर कालांतर में उत्तर की तिब्बत-बर्मी वर्ग की भाषा-बोलियों का प्रभाव भी कम नहीं है। कुछ लोग भौगोलिक सामीप्य और कुछ शब्दों के मिलने से उसे तिब्बत-बर्मी वर्ग की ही बोली मान लेते हैं। लेकिन राजियों की भाषा का वर्तमान रचनागत वैशिष्ट्य उसके मूल पर अधिक प्रकाश डालता है। राजियों की भाषा पर दो विजातीय प्रभाव तो स्पष्ट हैं, एकाक्षर परिवार की तिब्बत-बर्मी वर्ग का प्रभाव केवल शब्दों तक ही सीमित नहीं है बल्कि एकाक्षर धातुओं की उपलब्धि भी उसी प्राचीन प्रभाव की ओर इंगित करती है। आर्य प्रभाव शब्द ग्रहण के रूप में अधिक व्यापक है किंतु इन दोनों परिवारों से राजी भाषा में जो भिन्नताएं प्राप्त होती हैं वे इतनी मुखर, व्यापक और सूक्ष्म हैं कि राजी भाषा का इन दोनों परिवारों में से किसी एक में स्थान निर्धारित करना असंगत है। जहां तक द्रविड़ परिवार का संबंध है उसकी किसी जीवित बोली का हिमालय क्षेत्र में आज तक कोई पता नहीं चल पाया है। इस परिवार की भाषा-बोलियों से राजी भाषा की भौगोलिक दूरी ही नहीं अपितु रचनागत दूरी भी उतनी ही अधिक है। इस भाषा में यदि निम्न विशेषताएं प्राप्त न होतीं तो इसे बास्क, हायपर-बोरी, एनू और जापानी आदि की भांति भाषा परिवार की दृष्टि से अनिर्णीत कोटि में ही रखने पर बाध्य होना पड़ता। -

1 अश्लिष्ट योगात्मकता: राजी के क्रियापद में कर्म और कर्ता प्रत्ययवत् संयुक्त हो जाते हैं। भिन्न भावों और वृत्तियों तथा कालों के लिए प्रत्यय जुड़ते हैं। नए शब्द भी प्रत्यय जुड़ने से निर्मित होते हैं किंतु योग संश्लिष्ट नहीं हो पाता। कुछ वाक्यों में योगात्मकता संश्लिष्ट रूप में प्राप्त होती है किंतु उनकी संख्या नितांत न्यून है।
2 अंत: प्रत्यय की विद्यमानता।
3 क्रिया में निश्चयात्मकता के लिए निर्धारक निपात का योग।
4 क्रिया के आत्मबोधक, परस्पर बोधक और समभिहारार्थक रूप।
5 निपीड़ित व्यंजनों ;अर्धव्यंजनों की प्राप्ति।
6 कंठद्वारीय अवरोध।
7 आंशिक क्लिकत्व।
   उपर्युक्त विशेषताएं अपने-आप में इतनी महत्वपूर्ण हैं कि ये राजी भाषा के परिवार की ओर स्वत: इंगित कर देती हैं। आग्नेय-देशी-मुंडा आदि की इन विशेषताओं के प्राप्त होने से स्पष्ट हो जाता है कि राजी भाषा इसी परिवार से संबंध रखती है। शब्द-भंडार भी अधिकतर इसी मूल का है। युगों से संबंध टूट जाने से और भिन्नमूलक भाषाओं के प्रभाव स्वरूप अनेक अंतर भी उत्पन्न हो गए हैं। कंठद्वारीय अवरोध प्राप्त तो होता है किंतु उसका वही रूप नहीं है जो मुंडा वर्ग की भाषा-बोलियों में है। राजी भाषा में इस अवरोध के पश्चात प्राय: हृस्व या फुसफुसाहट वाले स्वरों का उच्चारण हो जाता है। इसी प्रकार चेतन पदार्थों में द्विवचन, बहुवचन के लिए पुरुषवाचक सर्वनाम के रूपों का योग भी राजी भाषा में स्पष्ट नहीं है। स्वराघात की दृष्टि से भी राजी भाषा मुंडा के बलात्मक स्वराघात का अनुगमन नहीं करती। फिर भी राजी भाषा का ध्वन्यात्मक गठन, व्याकरण और शब्द-भंडार तीनों इस बात के प्रमाण हैं कि आज चाहे जितने स्थूल अंतर क्यों न उत्पन्न हो गए हों, राजी भाषा मूलत: आग्नेय परिवार से संबंधित मुंडा परिवार की बोली है।

संदर्भ-ग्रंथों की सूची:

1 कुमाऊं तथा पच्च्चिमी नेपाल के राजियों (वनरावतों) की बोली का अनुशीलन,
डॉ. शोभाराम शर्मा
2 एस्से रिलेटिंग टू इंडियन सब्जैक्ट्स- खंड-1, ग्रियान हारटन हाग्सन
3 कुमाऊं का इतिहास, श्री बद्रीदत्त पांडे
4 गजेटियर(अल्मोड़ा) अटकिन्सन
5 लिंग्विस्टिक सर्वे ऑफ इंडिया, जार्ज इब्राहम ग्रिर्यसन(हिंदी अनुवाद- भारत का भाषा सर्वेक्षण, डॉक्टर उदित नारायण तिवारी)
6 लिंग्विस्टिक सर्वे ऑफ इंडिया, भाग-2, ;मौन-ख्मेर एवं ताई परिवार, जार्ज इब्राहम ग्रिर्यसनद्ध
7 भारत की भाषाएं तथा भाषा संबंधी समस्याएं, डॉक्टर सुनीति कुमार चटर्जी
8 भारतीय संस्कृति में आर्येतरांश, श्री शिवशेखर मिश्र
9 हिमालय परिचय (कुमाऊं), राहुल सांकृत्यायन
10 राजी: लैंग्वेज ऑफ ए वेनिशिंग हिमालयन ट्राइब, डॉक्टर कविता श्रीवास्तव
11 प्रीहिस्टोरिक इंडिया, स्टूवर्ट पिगॉट

1 comment:

अजेय said...

mere kam ka post...... thanks vijay bhai.