Wednesday, April 25, 2018

वह इतना सुलभ नहीं

सुनता हूं सैन्नी अशेष मनाली में रहते हैं। अफसोस कि मेरी कभी उनसे मुलाकात नहीं हुर्इ। कितनी ही बार रोहतांग के पार मेरा जाना हुआ, अशेष को खोजा, पर वे न जाने किन कंदराओं में छुपे बैठे रहे। अपने कवि मित्र अजेय से भी उनका पता ठिकाना जानना चाहा, पर वे मुस्कराते ही रहे और एक रहस्य बुनते रहे। दरअसल सैन्नीे अशेष को मैं उनके लिखे से जानने लगा था। वर्षों पहले ‘समयांतर’ में उनको पढ़ा था। दिलचस्पक यात्रा वृतांत था वह, अभी इतना ही याद है उसमें विकासनगर, देहरादून का कोई ऐसा संदर्भ आया था कि लेखक मानो विकासनगर, देहरादून में रहता हो। देहरादून के नजदीक पहाड़ों पर घुमक्कड़ी करने वाला ऐसा कोई दिलचस्पव व्यक्ति रहता हो जो लिखता भी मस्त हो, आखिर खुद होकर उससे सम्पमर्क करने को मैं उतावला क्यों न होता। समयांतर के संपादक पंकज बिष्ट जी को फोन करके दिलचस्पस यात्रा वृतांत के लेखक का फोन नम्बर मांगा और फोन घड़घड़ा दिया। बस वही फोन की क्षणिक मुलाकात रही। जिसने आज तक मिलने की प्यास को जगाया हुआ है। बस फेसबुक में ही उन्हें मिल पाना होता है। यूं भी उस वक्त जब मैंने दारचा होकर जंसकर के चक्कर लगाने वाला होता था, उस दौरान सैन्नी अशेष ऐसे सुलभ भी तो नहीं थे। यकीन नहीं तो अजेय से पूछ लिया जाए। पर अजेय शायद इस पर भी कोई टिप्पणी आज भी न करे, हां मुस्करा तो देंगे ही।

अभी पढ़े सैन्नी अशेष की एक दिलचस्प रिपोर्ट उनके ही इस अंदाज के साथ - इस पोस्ट को सब पचा ही लें, ऐसा किसी पर मेरा प्रेशर न माना जाए। मेरी सह-अनुभूति उन लोगों से है जिन्हें आती तो है पर भीतर जाकर न्यूटन के सिद्धांत को अंगूठा दिखाकर विचित्र ग्रेविटेशन में स्थगित हो जाती है और तो भी पैसे देने पड़ जाते हैं।


उस दबंग लड़की को देखकर मैं ठिठक गया.
वह नवविवाहिता लग रही थी. मेरे ही पहाड़ की थी, मगर उसकी सजधज मनाली में आने वाली हनीमूनिया 'मुनिया' जैसी थी। वह किसी से लड़ रही थी.
मनाली के मॉल पर आसपास तीन सुलभ शौचालय मिलाकर पांचेक टॉयलेट हैं। आपको अगर आ ही जाए और टरकाए न बने तो किसी भी एक में दो मिनट में पहुँच कर हाजत को रफ़ादफ़ा कर सकते हैं। घंटा भर वहां ध्यान भी करते रहें तो बाहर से कोई दस्तक नहीं देगा। मनाली में शौच-शिविर का अपना परमानन्द है। मॉल से सटे होटलों और रेस्तराओं की कतारों में तो टॉयलटों की भरमार ही है, क्योंकि अधिकाँश भारतीय परिवार यहां खाने-पीने और निकालने ही आते हैं। दिन में एक बार तो मर्यादा पुरुषोत्तमों को भी निबटना ही होता है सोने का हिरण या सोने की लंका का रावण मार कर!

"मैं उस चीज़ के पैसे क्यों दूं, जो मैंने की ही नहीं?" वह सरेआम चिल्ला रही थी।

यही सुनकर मैं ठिठका था और उस पर कुर्बान हो गया था।

किसी सार्वजनिक, मगर ख़ूबसूरत शौचालय के बाहर आजतक मैंने इतना खुशबूदार सवाल किसी पुरुष के मुंह से तो दूर, किसी हिज़हाइनेस हिज़ड़े तक के मुंह से निकलता नहीं सुना था.

सुलभिया जवान घबरा गया था, क्योंकि सामने टहलते पूरी दुनिया के सैलानी मेरे पीछे ठिठकने लगे थे. मॉल यों भी मनाली का अंतर्राष्ट्रीय विचरण-स्थल है.

सुलभ-जवान ने झिझकते-शर्माते हुए कहा :
"मैम, मुझे क्या पता आपने क्या किया? हम तो पांच रुपए ही लेते हैं."

लड़की गरजी :
"तुम लोग पहले हमें तोल लिया करो और वापसी में फिर तोल लिया करो कि हमने भीतर जाकर क्या किया?"

मैंने मौके का फ़ायदा उठाकर लड़के से कहा :
"मुझसे तो तुम कुछ भी नहीं लेते?"
"आप मर्द हैं। मर्दों के लिए यूरिनल की अलग जगह है."

अब लड़की चिल्लाई :
"हमारे लिए अलग-अलग जगह क्यों नहीं है?"
"यह आप सरकार से पूछो।"

अचानक भीतर से एक युवक बाहर आया और उस लड़की से धीरे से बोला :
"क्यों तमाशा बना रही हो? चलो."

वह शायद उसका नवविवाहित था।

सुलभ युवक मुझसे बोला :
"एक ने पेशाब किया होगा, एक ने पॉटी ... दोनों में से किसी ने पैसे नहीं दिए।"

तो भी लड़की की बात अपनी जगह बिलकुल सही थी.
मनाली में सुलभिये पर्यटक स्त्रियों से अक्सर दस रुपए लेते भी देखे जाते हैं। 
वह भी दो मिनट आने-जाने के !

वह भी तब, जब मनाली में अधिकाँश स्त्री-पुरुष सैलानी एक जैसे नज़र आते हैं। अर्धनारीश्वर या अर्धनरेश्वरी !

क्या शौच मीटर नहीं लगाए जा सकते?
ज़्यादा करने या ज़्यादा बैठने वालों से ज़्यादा फीस लेकर कम समय में कम निकासी करने वालों को राहत दी जा सकती है।

उस ह(ग)नीमूनिया मुनिया का धन्यवाद्।


Monday, April 23, 2018

भविष्य के समाज के बारे में

अप्रैल मई 1918 में महापंडित राहुल सांकृत्यायन ने एक छोटी सी किताब लिखी थी बाईसवीं सदी - जैसे गांधी जी ने 1909 में "हिंद स्वराज" लिखी थी - अपने बाहरी स्वरुप में दोनों किताबें दुबली पतली हैं पर विचार के धरातल पर दोनों भारतीय समाज का मील का पत्थर मानी जा सकती हैं। जहाँ गांधी गाँव को धुरी में रख कर विकेन्द्रीकृत अर्थव्यवस्था की सैंद्धांतिक बात करते हैं वहीँ 25 वर्षीय राहुल जी कथा शैली में 206 साल बाद के ( यानि सन 2124 ) समाजवादी विचारों को मूर्त रूप देने वाले ऐसे भारतीय समाज का खाका खींचते हैं जो वैसे तो युटोपिया जैसा लगता है पर नव स्वतंत्र देश का एक व्यावहारिक वैचारिक घोषणापत्र माना जाता है - राहुल जी जैसे स्वतंत्रता सेनानी से उम्मीद भी ऐसी ही की जाती थी। 

दुर्भाग्य से इस किताब को हिंदी समाज ने वैसा महत्त्व नहीं दिया जिसकी दरकार थी - दरअसल यह राजनैतिक , साहित्यिक और वैज्ञानिक तीनों मानदंडों पर कसी जाने वाली कृति है पर अंग्रेजी के चश्मे का अभ्यस्त बौद्धिक वर्ग जॉर्ज ऑरवेल की किताब 'नाइंटीन एट्टी फ़ोर' पर तो घंटों बोल लेगा, उससे ज्यादा समीचीन इस हिंदी कृति का नाम नहीं जानता होगा।

1987 में मैसूर में संपन्न इंडियन सोशल साइंस कांग्रेस के महत्वपूर्ण वार्षिक सम्मेलन के विज्ञान सत्र में देश के बड़े वैज्ञानिकों की उपस्थिति में सीएसआरआई- सीबीआरआई, रूड़की के पूर्व मुख्‍य वैज्ञानिक यादवेन्‍द्र ने वैज्ञानिक प्रगति को केंद्र में रख कर नाइंटीन एट्टी फ़ोर और बाईसवीं सदी का तुलनात्मक अध्ययन प्रस्तुत किया था जिसने बड़े वैज्ञानिक समुदाय को अचरज में ही नहीं डाला बल्कि गर्व से ओतप्रोत भी किया। यहाँ ध्यान देने की बात यह है कि पश्चिमी समाज नाइंटीन एट्टी फ़ोर की अधिकांश वैज्ञानिक भविष्यवाणियों के सही साबित होने की बात पर फूला नहीं समा रहा था पर भारतीय समाज अपनी महत्वपूर्ण कृति को नजरअंदाज कर के संतुष्ट था। इस युगांतकारी कृति के सौ साल पूरे करने पर एक संक्षिप्त टिप्पणी यहाँ साथियों की जानकारी के लिए प्रस्तुत है। 


यादवेन्द्र

भविष्य के समाज के बारे में मानव समाज हमेशा से जिज्ञासु रहा है और दुनिया के हर भाग में अपने अपने ढंग से मनीषियों ने भविष्य के समाज का खाका प्रस्तुत किया है।ऐसी वैचारिक ढाँचा प्रस्तुत करने वाली कृतियों में सबसे ज्यादा चर्चा संभवतः 1948  में लिखे   जॉर्ज ऑरवेल (संयोग है कि वे भी भारत में ही जन्मे ) के उपन्यास "नाइन्टीन एट्टी फ़ोर" की हुई है जो समाजवादी आदर्शों का  कट्टर विरोधी माना जाने वाला वैचारिक घोषणापत्र है। कई समीक्षक "नाइन्टीन एट्टी फ़ोर" को एक वैघानिक उपन्यास मानते हैं और यह साबित करने की कोशिश करते रहे हैं कि 1984 आते आते इस उपन्यास की सारी  वैज्ञानिक भविष्यवाणियाँ सही हो जायेंगी - बार बार उपन्यास में वर्णित 137 भविष्वाणियों की चर्चा की जाती है और उनमें से अधिकांश के सही साबित होने का उत्सव मनाया जाता है। ऑरवेल के घोर नकारात्मक दृष्टिकोण के विपरीत राहुल सांकृत्यायन ने भविष्य के प्रति उत्कट आशावादी रुख अख़्तियार किया। यहाँ सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि राहुल जी ने यह सब तब लिखा जब भारत पर अंग्रेजी राज का शिकंजा बहुत कसा हुआ था - इतिहास गवाह है कि पहली बार असहयोग आंदोलन किताब लिखे जाने के तीन चार साल बाद छेड़ा गया और पूर्ण स्वराज्य की माँग तो कांग्रेस ने बहुत बाद में उठायी। इन दो घटनाओं ने भारतीय जनमानस को स्वतंत्रता की कल्पना करने के लिए वास्तव में तैयार किया था पर राहुल जी उनसे भी सालों पहले न सिर्फ़ स्वतंत्र भारत बल्कि सम्पूर्ण भूमंडल की एक राष्ट्र के रूप में कल्पना कर चुके थे - यह क्रांतिकारी सोच की पराकाष्ठा थी और जनोन्मुख वैज्ञानिक तरक्की के ध्वजवाहक की भूमिका में संस्कृत और बौद्ध दर्शन के महापंडित राहुल सांकृत्यायन थे।दुनिया की किसी भाषा में ऐसे उदाहरण नहीं मिलेंगे। दुर्भाग्य से राहुल जी की इस किताब को न साहित्य में और न ही विज्ञान लेखन में अपेक्षित महत्त्व दिया गया - लम्बे समय से यह किताब उपलब्ध भी नहीं है। किसी भारतीय अध्येता  ने गम्भीरता  पूर्वक कभी यह प्रयास भी नहीं किया कि राहुल जी द्वारा 'बाईसवीं सदी' में वर्णित भविष्यवाणियों के साकार होने की बात उपयुक्त मंच पर उठाये और दर्ज कराये। 

'बाईसवीं सदी' ऊपरी तौर पर 2124 ईसवी के  विश्व का विवरण देती है पर इस किताब में राहुल जी तत्कालीन भारत देश का विस्तृत विवरण  प्रस्तुत करते हैं। 
कथानायक 260 वर्ष की वय में भी अत्यंत सक्रिय और चैतन्य है।1940 में भारत को स्वराज्य मिल गया और 2040 में भूमंडल राष्ट्र अस्तित्व में आया - विश्व सरकार का मुख्यालय ब्राज़ील में है और एक भारतीय राष्ट्रपति के पद पर आसीन है - जापानी प्रधानमंत्री,रूसी शिक्षामंत्री और अमेरिकी स्वास्थ्यमंत्री है...सेनामंत्री या सेनापति नाम का पद दुनिया में कहीं नहीं है क्योंकि युद्ध इतिहास की पोथियों में सिमट कर रह गया है ।2124 में पृथ्वी पर 86 करोड़ लोग वास करते हैं जिसमें से भारतीयों की संख्या 35 करोड़ है।अफ्रीका तकनीकी उपायों से हरा भरा बना दिया गया है और आधा यूरोप वहाँ जाकर बस गया है।प्रजनन नियंत्रित करना वैसे ही शासन के हाथ में है जैसे बिजली का स्विच ऑन ऑफ़ करना... और तीन संतानों का आदर्श प्रचलित है।दिल्ली की आबादी 50 हजार पर स्थिर कर दी गयी है।कार्यालयों के लिए बहुमंजिला भवनों का निर्माण किया जाता है - पटना में ऐसे एक पचास मंजिला भवन का जिक्र किताब में है जिसमें चढ़ने उतरने के लिए सीढ़ियों का नहीं झूला डोल (लिफ़्ट) का प्रयोग किया जाता है। दफ़्तरों में प्रतिदिन चार घंटे और सप्ताह में पाँच दिन काम करने का नियम है - बाकी के बीस घंटे सोने ,पढ़ने ,नृत्य गान ,सत्संग ,विद्यावसन ,परोपकार,चिंतन ,साहित्य सेवा जैसे कामों के लिए उपलब्ध हैं। 

प्रशासन की जिम्मेदारी है कि बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक नागरिक को सत्रह वर्ष की शिक्षा निःशुल्क दे -तीन वर्ष के बच्चे को तीन वर्ष की अवधि के लिए बालोद्यान में दाख़िल किया जाता है ,इसके बाद छह वर्ष से लेकर चौदह वर्ष तक का बाल्य पाठ्यक्रम शुरु होता है। चौदह से बीस वर्ष की उम्र तक युवा पाठ्यक्रम चलता है। तीस चालीस गाँवों पर एक विद्यालय होता है जहाँ पंद्रह हजार तक विद्यार्थी पढ़ते हैं। पूरे भारत देश की भाषा नगरी लिपि में लिखी जाने वाली भारती  है। तकनीकी प्रगति का आलम यह है कि मनमाफ़िक वृष्टि करना मनुष्य के हाथ में है इसीलिए अफ्रीका का सहारा रेगिस्तान समुद्र और हरी भरी खुशहाल बस्ती में बदल गया है - यूरोप और एशिया से बड़ी आबादी वहाँ जाकर बस गयी है ..... शिक्षा दीक्षा में बराबरी होने से लोगों के रूप रंग में भी पहले जैसा अंतर् नहीं रहा।भारत के राजस्थान में भी हरियाली  साम्राज्य हो गया है। सम्पूर्ण भूमि को समतल कर दिया गया है और नहरों नालियों का जाल इस तरह बिछाया गया है कि धरती से बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा सदा के लिए विदा हो गयी है। मंगल और बुध ग्रह के ल वासियों के साथ पृथ्वीवासियों के सामान्य संचार संबंध हैं .... विशेष बात यह है कि मंगलवासियों ने जनसंख्या वृद्धि न सिर्फ़ रोकी है बल्कि आवश्यकतानुसार कम करनी शुरू कर दी है। 

गाय से पीने के लिए दूध का उत्पादन किया जाता है - इनका प्रजनन इस तरह नियंत्रित कर लिया गया है कि साँढ़ों की जरूरत पड़ने पर ही नर बछड़े पैदा किये जाते हैं। मक्खन और घी के लिए भैंसें पाली जाती हैं - वे औसतन  एक मन के आसपास दूध देती हैं।बंदर ,कुत्ते ,बिल्ली ,सुअर ,हाथी ,हिंसक जंगली जंतुओं का पूरी तरह से खात्मा कर दिया गया है। 

खेती के लिए पचास पचास बीघे की क्यारियाँ हैं। मोटे  अनाजों की खेती बंद कर अच्छे महीन और सुगंधित धान की ही खेती की जाती है। उन्नत किस्म के फलों की खेती होती है - बड़े आकार ,ज्यादा रस और स्वाद और बीज विहीन प्रजातियाँ उगाई जाती हैं। तम्बाकू ,बीड़ी ,सिगरेट ,चाय ,कॉफी ,कहवा ,शराब ,गाँजा ,भाँग , अफ़ीम ,पान जैसी नशीली वस्तुओं का उत्पादन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है - बीड़ी सिगरेट के उन्मूलन के साथ दियासलाई का दिखना भी बंद हो गया है। 

सारा यांत्रिक काम बिजली से किया जाता है पर धुँए  के चलते कोयले  से बिजली उत्पादन बंद कर दिया गया है और इसके लिए पानी का उपयोग किया जाता है। जहाँ तक रेलगाड़ी का सवाल है ये पहियों के घर्षण से पैदा होने वाली बिजली से चलती हैं। इंजन का  आकार हवा के धक्के को कम करने के लिए नोंकदार रखा जाता है। पूरी रेल में साफ़सुथरी और आरामदेह एक ही श्रेणी होती है जिसमें पुस्तकालय ,भोजनालय और बेतार के तार पर आधारित संचार प्रणाली होती है। रेलों पर चढ़ने के लिए टिकट नहीं लगता सो टीटी नाम के  कर्मचारी का अस्तित्व नहीं है। सिक्कों का प्रचलन नहीं है। पुरुष हों या स्त्री सब एक सा परिधान पहनते हैं। हाँ , प्रत्येक व्यक्ति के पास एक फाउंटेन पेन और रोजनामचा ( डायरी ) जरूर रहता है। 

सबके रहने के लिए एक सामान आवास हैं - भवन ,सड़कें और कार्यालय सबके नक़्शे पूरे देश में एक समान हैं।आवास तीन कमरों के होते हैं - एक बैठक ,दूसरा सोने का और तीसरा स्नान करने के लिए जिसमें ठंडे और गरम पानी के नल लगे हुए हैं। शौचालयों में नल घुमा देने से बड़ी तेज धार से पानी (आज का फ्लश )आता है। भोजन करने के लिए सामुदायिक कक्ष  होते हैं जिनमें एकसाथ पाँच हजार तक लोग एकसाथ बैठ जाते हैं। खाना बनाने से लेकर बर्तन साफ़ करने तक का सारा काम मशीन से होता है। बिजली के तार के सहारे तैरती तश्तरियाँ खाने की मेज तक पहुँचती हैं - बिजली का उपयोग होने से कहीं भी कालिख या धुँआ नहीं दिखता। जलपान और भोजन का समय पूरे भूमंडल पर नियत है जिसकी सूचना गोले दाग कर दी जाती है - इसी चलते लोग घड़ी नहीं पहनते। पुरुष और स्त्रियाँ साथ साथ बैठ कर भोजन करते हैं। 

यही है राहुल जी की बाईसवीं सदी की आशावादी और सकारात्मक खुशहाली का राज।  

Wednesday, April 11, 2018

जब धरती पर जगह पड़ जाती है कम

ऐसा क्यों होता है कि एक स्त्री को हर वक्त अपने स्त्री होने को साबित करना पड़े ? क्या दुनिया भर के समाजों में स्त्री की स्थिति उतनी ही एक जैसी है, जितनी भारतीय समाज में ?

गीता दूबे की कविताओं को पढ़ते हुए ऐसे सवालों का उठना स्वाभाविक है। भारतीय समाज में स्त्री की स्थितियों को लेकर लिखी गई उनकी कविताओं का सच इस बात की ताकीद करता है कि धरती पर उनके होने को कम कर देने की साजिश तरह-तरह से रची जाती रही है। हर क्षण भय और आतंक के माहौल में वे न जाने कितनी अमानवीयताओं को झेलते हुए जीने को मजबूर हैं। परम्‍पराओं के बंधनों में ही एक स्‍त्री को अपनी मानवीयता का गिरवी रख देना हो जाता है। पिंजरे में कैद चिडि़या की तरह जीना होता है। लेकिन उनका यह स्वर निराशा की उपज नहीं बल्कि जतन से हौंसला बांधने की हिमायत करता हुआ है।

वर्तमान में गीता दूबे आलोचना की दुनिया में सक्रिय हैं। सतत रचनारत हैं। उनकी कविताओं से यह ब्लाग अपने को समृद्ध कर पा रहा है। 

 विगौ

गीता दूबे
9883224359

स्त्री होना


डर- डर कर जीना होता है
सीना होता है गहरे जख्मों को
परम्‍पराओं के बंधन में बंधे हुए 
हर पल अपनी कैफियत देना ह़ोता है।

खुद के दर्द दिल में छुपाकर
होठों पर मुस्‍कान बिछाकर
औरों को सुनना होता है।
 
तकलीफों की आग में
लहराकर परचम आधुनिकता का
रुढ़ियों की चक्की में पिसना होता है ,
आंखों के गीले  कोरों–सा
हौले-हौले  सीझना होता है।

वय हो जरूरी नहीं,
चौंसठ कलाओं में दक्ष होकर
सजी-संवरी देह होना होता है

स्त्री होना
विषैले सांपों की संगत को
तनी हुई रस्सी समझकर चलना होता है।


चिड़ियां


क्‍या चिड़ियां होती हैं लड़कियां ?
फुदकती फिरती हैं जो
घर-आंगन, टोले -मोहल्ले में
जिनके कलरव से चहकता है घर

लड़कियों का हंसना-बोलना तो
सुहाता नहीं ज्‍यादा देर 
वे तो मुस्‍कराते हुए भी
होती हैं पिंजरे की कैद में जीवन भर।

चिड़ियों की तरह ही बेघरबार हो जाती हैं
जो लड़कियां
शिकारियों के जाल से बच नहीं पाती हैं।
बड़े जतन से बांधती हैं घोंसला,
तिनके -तिनके जोड़ती हैं हौंसला।
 चाहती हैं बनाना
 एक  खूबसूरत  आशियाना
पर  उजाड़  दी  जाती हैं।
आंधियों के वार से
हो जाती हैं तार- तार।
तब गेंद बन जाती हैं लड़कियां
सुख और सुकून की तलाश में
दर -दर टप्पे खाती हैं।

हां लड़कियां सचमुच चिडि़यां होती हैं
हिम्मत नहीं हारती
उम्मीदों और अरमानों की डोर थामे
झूलती रहती हैं
परंपरा और आधुनिकता के बीच।
ढेरों सपने देखती हैं,
खूब  पेंगे भरती हैं।
कभी- कभी तो छू  ही लेती हैं आकाश की ऊंचाइयां।

उसे त्रासदी ही कहना ठीक
जब धरती पर जगह पड़ जाती है कम
या जब वे ही थक जाती हैं झूलते -झूलते
हांफने लगती हैं पींगे भरते -भरते
उसी क्षण तो डोरी को फंदा बना
झूल जाती हैं
उड़ जाती हैं अनंत आकाश में
छोड़ जाती हैं प्रश्न,
आखिर क्यों
चिडि़यां ही हो सकती ड़कियां, इंसान नहीं ?



रंग

  
तुम्हारे पास हैं बहुत से रंग हैं
दोस्ती, प्यार, इकरार
उम्मीदों और खुशियों के।
सपनों का तो रंग -बिरंगा
चंदोवा ही तान दिया है तुमने।
निश्छल मुस्कान का भी तो ,
एक और रंग है तुम्हारे पास ।
ओ मेरे अनोखे रंगरेज,

रंग दिया है तुमने
मेरी बेनूर दुनिया को
अपने तिलस्मी रंगों के जादू से।

मेरे पास बस एक ही रंग है
समर्पण का।
आओ, रंग दूं तुम्हें।
मौसम भी है और दस्तूर भी।
इस रंग बदलती दुनिया में
आओ, सुरक्षित रख दें हम,
अपने- अपने रंगों को
एक दूसरे के पास।
ताकि बचे रहें ये रंग
और बची रहे यह कायनात भी,
बदरंग होने से।


 प्यार

दोनों ओर खड़े हैं पहाड़
पसारे अपनी बांहें
बुलाते हैं पास
भरने को अंकवार।
दौड़ती हूं भर दम
पर थक-सी जाती हूं
लड़खड़ा जाते हैं पांव ,
उखड़ -उखड़ जाती है सांस।
ओ मेरे प्यारे पहाड़
एक विनती है, सुनोगे,
थोड़ा सा उतर आओ नीचे
बढ़ा दो मेरी हिम्मत,
लगा लो मुझको गले
थोड़ा सा बढ़ आई मैं
आओ
जरा सा उतर आओ तुम भी
यही तो है दोस्ती,
यही तो है प्यार।
मानते हो ना,
ओ मेरे मीत विशाल।
आओ, मिलकर लिखें हम
प्रकृति और मानव के प्रेम का
अनोखा इतिहास।