Wednesday, June 23, 2021

मेरी सार्वभौमिकता, तेरी सार्वभौमिकता

 रणनीति को राजनीति मान लेने वाली समझदारी की दिक्कत है कि वह विचारक को स्वयं ही एक ऐसे गढढे में धकेल देती है कि उससे बाहर निकलने का रास्ता ढूंढना मुश्किल हो  जाता है। बल्कि होता यह है कि गढढे से बाहर निकलने का रास्ता नजर नहीं आने पर वह विचार को ही गलत मानने लगती है, या फिर उसके उलट ही व्यवहार करने लगती है। फिर चाहे वहां रोज की तरह "कभी-कभार" लिखने वाले अशोक बाजपेयी हो और चाहे 'सार्वभौमिक' रूप से पहचाने जाने वाले मार्क्सावादी आलोचक वीरेन्द्र यादव । 

विचार की सार्वभौमिकता पर बात करते हुए यदि अशोक बाजपेयी लिखते हैं, ''यह बात पहले भी कही जा चुकी है कि हमारे समय में विचार की गति शिथिल हो गयी है।'' और इस शिथिलता की क्रोनालॉजी को  इस तर्क में बांधते हैं, ''रचना आगे चलती है और अकसर आलोचना थोड़ा पीछे चलती है, विचार और विचारधाराएं आलोचना से भी पीछे चलती है, रचना जिस गति से बदलती है, आलोचना नहीं और विचार तो बहुत धीरे बदलता है,''  तो देख सकते हैं कि वे उसी गलतफहमी को तर्क बनाकर आगे बढ़ा रहे हैं जिसका बिगुल कभी कथा सम्राट प्रेमचंद ने बजाया था ओर जिसको थामते हुए ही हिदी की रचनात्महक दुनिया साहित्य् को राजनीति की मशाल मानती रही। 

वीरेनद्र यादव चाहते तो आम जन की राजनीति की कोई स्पाष्ट‍ दिशा न होने पर भाषा और शिल्प की कलाबाजी में गोते लगतो साहित्य के कारणों की पड़ताल करते हुए किसी बेहतर निष्कर्ष पर पहुंच सकते थे। लेकिन ऐसा करने के लिए तो पहले उन्हें खुद भी अपने से टकराना होता और देखना होता कि राजनैतिक दिशा के अभाव में साहित्य जन आकांक्षाओं का कोई नया विकल्पख नहीं खोज सकता है। यानी साहित्य राजनीति की मशाल नहीं हो सकता। लेकिन वे तो सार्वभौमिकता की चाहत को ही वर्चस्वतवादी करारे देने लगते हैं।

उनको पडते हुए अफसोस तो हो रहा, साथ ही यह भी सोचने को मजबूर होना पड़ रहा कि सार्वभौमिकता की अपनी उस समझ का क्या करूं जो मूल्य , व्यावहार, संस्कृति, लिंग ओर अन्य सामाजिक पहचान के साथ सभी समूहों के बीच एका के रूप में देखती रही है। सार्वभौमिकता को समझने के लिए तो मेरा यकीन नोम चॉमस्कीम के उस सिद्धांत पर भी है, जो बताता है कि कोई मातृभषी अपनी मातृभाषा के अव्यातख्यायित व्याकरण को स्वतत: ही सीख जाता है। या, फिर शिक्षा में वर्गवादी दृष्टि के विरूद्ध सार्वभौमिक शिक्षा की बात का भी मैं हिमायती हूं।

स्थानिकता को छिन्न  भिन्न करते हुए दुनिया भर के संघर्ष की सार्वभौमिकता को विभाजित करने वाली तकनीकी आंधी से इत्तिफाक कौन रखना चाहेगा। लेकिन उस आंधी की मुखालफत में यह भी कैसे भूल जायें कि सार्वभौमिकता तो हर स्थानिकता के सम्मान के साथ ही जन्म लेती है। वरना तो उसका कोई अस्तित्व ही नहीं।

Monday, June 21, 2021

युगवाणी का जून २०२१ विशेषांक


 दिनेश चंद्र जोशी


समाजिक सरोकारों व जनपक्षधरता से आंखें न चुराने वाली पत्रिका 'युगवाणी' का जून २०२१ अंक विशेष रूप से ध्यानाकर्षित करता है।

अब इसे सुयोग कहें या दुर्योग कि इस अंक की नब्बे फीसदी सामग्री करोना काल में दिवंगत हो गई उत्तराखंड की महान विभूतियों की जीवन यात्रा,उनके संघर्षों, उपलब्धियों,सामाजिक हस्तक्षेप व योगदान को ले कर है।

इस लिहाज से यह अंक उन महानुभावों के प्रति श्रद्धा,कृतज्ञता व आत्मीयता से परिपूर्ण रचनाओं का खजाना तो है ही, साथ ही उनके निर्माण, विकास,सक्रीयता, सरोकारों व योगदान का प्रामाणिक जानकारी पूर्ण दस्तावेज भी है।इस लिहाज से यह पत्रिका के इधर प्रकाशित गिने चुने यादगार संग्रहणीय अंकों में से एक बन पड़ा है।

पर्यावरणविद सुंदरलाल बहुगुणा उत्तराखंड को कर्मभूमि बना कर देश दुनिया में पर्यावरण जागरूकता की मिशाल व मशाल बन कर उभरे, उनके निधन से न सिर्फ उत्तराखंड बल्कि,सर्वोदयी गांधीवादी विचारधारा के अंतरराष्ट्रीय युगपुरुष का अवसान हो गया।उन पर सम्पादकीय भूमिका सहित,डा.शेखर पाठक का महत्वपूर्ण, प्रामाणिक तथ्यों से युक्त आधार लेख,' एक लम्बी यात्रा का रूक जाना' शीर्षक से प्रकाशित है,साथ ही संजय कोठियाल का आलेख ' उनके लेखन ने उन्हें लक्ष्य  तक पंहुचाया' , बहुगुणा जी के पत्रकार,लेखक व रिपोर्टर वाली भूमिका के पक्ष को लक्षित करता हुआ श्रद्धांजलि पेश करता है।

प्रसिद्ध इतिहासकार,जनचेतना के पैरोकार प्रोफेसर लाल बहादुर वर्मा पिछले पांच छह वर्षों से देहरादून में रह कर सक्रिय बुद्धिजीवी की भूमिका निभा रहे थे, करोना ने उन्हें भी अपना निवाला बना लिया।उनके रचनाकर्म व सांस्कृतिक, साहित्यिक सरोकारों पर अरविंद शेखर का सारगर्भित आलेख भी इस अंक की उपलब्धि है। 

लोक-भाषा कुमाऊनी के सृजन,सम्पादन,संरक्षण व प्रचार प्रसार में एकनिष्ठता से जुटे समर्पित साहित्यकार मथुरा दत्त मठपाल जी को श्रद्धांजलि स्वरूप ' दुधबोली कुमाऊनी को समर्पित मथुरा दत्त मठपाल' शीर्षक से प्रकाशित हरिमोहन 'मोहन' का लेख बड़ी आत्मीयता से रचा गया है।

पिछले दिनों ही,उत्तराखंड के ओजस्वी युवा पत्रकार,व हिंदी की महत्वपूर्ण साहित्यिक पत्रिका आधारशिला के सम्पादक दिवाकर भट्ट भी इस महामारी से हार कर हमारे बीच नहीं रहे। उन पर आधारित जगमोहन रौतेला का लेख दिवाकर भट्ट के जुझारू व्यक्तित्व ,साहित्यिक लगाव व सम्पादकीय कौशल की बानगी पेश करता हुआ उनको श्रद्धा सुमन अर्पित करता है।

इनके साथ ही पिछले दिनों दिवंगत हुए उत्तराखंड के महत्वपूर्ण जनों में प्रोफेसर रघुबीर चंद्र,शेर सिंह बिष्ट, लोक कलाकार  रामरतन काला, इतिहासवेत्ता

शिव प्रसाद नैथानी, राजनीतिज्ञ, बची सिंह रावत, नरेंद्र सिंह भंडारी, गोपाल रावत, सामाजिक कार्यकर्ता अजीत साहनी, गजेन्द्र सिंह परमार,दान सिंह रौतेला की स्मृति स्वरुप विशेष सामग्री प्रकाशित कर युगवाणी ने अपने युगधर्म का निर्वाह किया है। नियमित स्थाई स्तम्भों व विविध सामाग्री से युक्त युगवाणी का यह विशेष अंक मर्मस्पर्शी,जानकारी पूर्ण,श्रद्धा भाव से सम्पृक्त रचनाओं के बावजूद वस्तुपरक विश्लेषणों से युक्त संग्रहणीय अंक हैं।

                       *******