Tuesday, November 7, 2023

मसूरी में बना था उत्तर भारत का पहला सिनेमाघर

 

किसी शहर की बनावट को जानने के लिए वहां  की गलियां और चौराहों से गुजरना जरूरी है। लेकिन समय की दौड़ में यदि वे गलियां और चौरस्ते गायब हो गए हो तो क्या किया जाये। देहरादून के चौरस्ते तो पिक्चर हॉलों से गुजरते थे, वहीं उस दौर का युवा धड‌कता था। लेकिन पुरानी इमारतों को मॉल में बदल दिये जाने वाले इस दौर में वह देहरादून अपनी  शक्ल  बदल चुका है। हमारे  प्रिय  लेखक और देहरादून को हर क्षण अपने भीतर जिंदा रखने वाले शख्स कथाकार  सूरज प्र्काश की  कलम का शुक्रिया कि वह उस देहरादून  का चित्र दिखा पाने में सक्षम है जो आज विलुप्त हो चुका है। आइये  पढ‌ते  हैं, देहरादू के सिनेमा  हॉल पर लिखा उनका संस्मरण । 
विगौ


बचपन का बाइस्कोप

सूरज प्रकाश



याद आता है कि बचपन में और किशोरावस्था में हमने देहरादून के सिनेमाघरों में खटमलों से घमासान करते हुए कितनी फ़िल्में देखी झेली हैं। कितना रोमांचकारी अनुभव होता था तब फिल्म देखना। सिर्फ हम बच्चों के लिए ही नहीं, परिवार के सभी सदस्यों के लिए, अकेले रहने वाले नौकरीपेशा लोगों के लिए और हर उम्र के लोगों के घर से बाहर निकल कर मनोरंजन की तलाश करने वाले लोगों के लिए सिनेमा हॉल तब बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे। फिल्म देखना किसी उत्सव से कम नहीं होता था। अगर परिवार के साथ या बाहर से आये मेहमानों के साथ रविवार या छुट्टी के दिन फिल्म देखने का प्रोग्राम बनता तो बाकायदा घर में उत्सव का माहौल बन जाता। एक या दो दिन पहले से किसी को भेज कर फर्स्ट क्लास या बाल्कनी के टिकट मंगवाये जाते, खूब तैयार हो कर और पूरे मनोयोग के साथ फिल्म देखने के लिए घर से निकलते। छुट्टी के दिन या रविवार के दिन अचानक फिल्म देखने का प्रोगाम बन जाने से या तो हाउस फुल का बोर्ड देख कर या तो निराश होना पड़ता या ब्लैक में टिकट खरीदने पड़ते। 
सन 70 से 80 के दशक तक देहरादून शहर में ये सिनेमाघर थे। जैसे भी थे, हमारे जीवन के जरूरी अंग थे।
1. लक्ष्मी टॉकीज - गाँधी रोड,  2. फिल्मिस्तान टॉकीज - पुरानी सब्जी मंडी, मोती बाजार, 3. दिग्विजय सिनेमा – घंटाघर, 4. कैपरी सिनेमा - चकराता रोड, 5. नटराज सिनेमा - चकराता रोड, 6. प्रभात टॉकीज - चकराता रोड, 7. कृष्णा पैलेस सिनेमा - चकराता रोड, 8. न्यू एम्पायर सिनेमा - राज पुर रोड, 9 . ओरिएंट सिनेमा – एस्ले हॉल, 10. छाया दीप सिनेमा - राज पुर रोड, 11. पायल सिनेमा - राज पुर रोड, 12.  ओडियन सिनेमा - राज पुर रोड, 13. विक्ट्री सिनेमा – क्लेमेंटटाउन, 14. गैरीजन हॉल सिनेमा - मॉल रोड, गढ़ी कैंट, 15. न्यू राज कमल सिनेमा- गढ़ी कैंट, 16. खेत्रपाल प्रेक्षागृह - इंडियन मिलिट्री अकादमी (आईएमए)।, 17. कनक सिनेमा - परेड ग्राउंड के समीप। 

मसूरी में बना था उत्तर भारत का पहला सिनेमाघर। 1860 से 1868 के बीच माल रोड पर मसूरी बाजार (जो कि अब लाइब्रेरी बाजार है) के पास इलीसमेयर हाउस में नाटकों का मंचन शुरू किया गया। ये सिलसिला 1935 तक चला, इसी बरस से यहां बाइस्कोप दिखाया जाने लगा। बाद में फिर यही इलीसमेयर हाउस मैजेस्टिक सिनेमा हॉल बना।
इनके अलावा उन दिनों उत्तर प्रदेश के सूचना विभाग की ओर से ऐसी खुली जगह पर, जहां तीन चार सौ आदमी आराम से जमीन पर बैठ सकें, फोल्डिंग स्क्रीन लगा कर फिल्में दिखाने का प्रचलन था। फिल्म से पहले प्रचार पसार के लिए डॉक्यूमेंट्री फिल्में दिखायी जातीं और उसके बाद फिल्म शुरू होती। तब हर पंद्रह बीस मिनट बाद जब प्रोजेक्टर पर रील बदली जाती तो वह पांच सात मिनट का अंतराल भी खराब लगता। फिल्में आम तौर पर ब्लैक एंड व्हाइट होतीं। पता नहीं हम बच्चों को कैसे खबर मिल जाती कि फलां जगह पर आज फिल्म दिखायी जा रही है, हम सब पहुंच जाते। फिल्म कितनी समझ में आयी, इससे कोई मतलब नहीं होता था, देखना महत्वपूर्ण होता था।
       दिगविजय टाकीज पहले प्रकाश टाकीज़ हुआ करता था। यह किसी गुप्ता परिवार का था। मालिक अय्याश थे। सिनेमा का दिवाला पिट गया। फिर इसे.जुब्बल के राजा.ने खरीद लिया। रिनोवेट किया और इसका नाम बदलकर दिगविजय टाकीज़.हो गया।
 नटराज का नाम पहले चीनिया हुआ करता था और उससे पहले हाउसफुल और उससे भी पहले हॉलीवुड। यूनिवर्सल पेट्रोल पंप के बगल स्थित न्यू एम्पायर सिनेमा के प्रथम तल के लकड़ी के फर्श पर देहरादून शहर के समृद्ध व्यक्ति व उनके परिवार स्केटिंग का आनंद लेते थे, इस विशालकाय हॉल को "रिंक" के नाम से भी जाना जाता था। न्यू एंपायर में सबसे अधिक सीटें थीं और वहां पर बाल्कनी के अलावा फैमिली केबिन भी बने हुए थे। वहां सबसे ज्यादा सीटें होने के कारण कभी भी टिकट मिल जाया करती थीं। 

कैप्री व ओडियन सिनेमाघरों में केवल नवीनतम अंग्रेजी फिल्में  ही प्रदर्शित होती थीं, बाद में प्रभात टॉकीज में भी सुबह के शो में अंग्रेजी फिल्में दिखाने का चलन आरम्भ हुआ जिसे कुछ समय अन्य सिनेमाघरों ने भी अपनाया।
इनमें से फिल्मिस्तान में परिवारों की महिलाएं सिनेमा देखने कम जाती थीं क्योंकि वहाँ पर बी ग्रेड की मार धाड़ वाली फिल्में और दारा सिंह टाइप की फ़िल्में ही ज्यादा लगती थी और थिएटर भी बहुत अच्छा नहीं था। वैसे तो सारे थिएटर ही अच्छे नहीं थे लेकिन जो थे, उन्हीं में गुज़ारा करना पड़ता था। महिलाओं के लिए और सपरिवार फिल्में देखने के लिए ओरिएंट सबसे अधिक अच्छा माना जाता था। एक तो लोकेशन के कारण और दूसरे अच्छी फिल्मों के कारण। 
आज इनमें से अधिकांश सिनेमा हॉल बंद हो चुके हैं और उनकी जगह मल्टीप्लेक्स खुल गये हैं जहां मल्टी स्क्रीन होते हैं या पूरे शहर में जगह जगह पर उग आये नये मॉल्स में मल्टी स्क्रीन नयी पीढ़ी के सिनेमा देखने के नये ठिकाने हैं। लेकिन तब के सिंगल स्क्रीन सिनेमा घर हमारे जीवन की और तब के अबोध सपनों की जरूरी जगहें हुआ करती थीं। याद आता है कि ये मिलने जुलने के सबसे महफूज ठिकाने होते थे। कई परिवारों के लड़के लड़कियों के रिश्ते तय करने के लिए परिवारों की पहली मुलाकात के लिए सिनेमा हॉल ही पसंद करते थे। परिवारों के लिए रविवार के दोपहर के शो सबसे मुफीद माने जाते थे।
आइएमए में खेत्रपाल थियेटर में केवल सेना के अफसरों और उनके परिवारों के लिए ही सिनेमा प्रदर्शित की जाती थी। वहां गैर सैनिकों का प्रवेश वर्जित था।
वक्त बदला, नयी पीढ़ी आयी, उसकी पसंद बदली। कभी शहर की शान माने जाने वाले लक्ष्मी टॉकीज, फिल्मिस्तान टॉकीज, कैप्री सिनेमा, ओडियन सिनेमा शॉपिंग काम्प्लेक्स में बदल दिए गए।  कनक, कृष्णा पैलेस और दिग्विजय सिनेमा भी अब फिल्में नहीं दिखाते। कुछ पुराने सिनेमा हॉल आज भी मौजूद हैं लेकिन ज्यादातर का वजूद ख़त्म हो चुका है।
चकराता रोड पर वर्ष 1947 में प्रभात सिनेमा की शुरुआत टीसी नागलिया ने की थी। उनके निधन के बाद उनके पुत्र दीपक नागलिया ने वर्षों तक इसका संचालन किया। 1977 में इसकी मरम्मत की गयी, जिसके बाद यहां सीटों की संख्या 500 से बढ़ाकर 1000 की गयी। साथ ही दीपक समय-समय पर आने वाली लेटेस्ट टेक्नोलॉजी को भी अपनाते रहे, जिससे दर्शकों को फिल्म देखने में आनंद आए। 
1948 में इस सिनेमाघर में पहली फिल्म बारह दिन दिखाई गयी थी जबकि फिल्म बागी-3 दर्शकों को आखिरी बार मार्च 2020 में दिखाई गयी। कभी हर दिन हॉल में चार शो दिखाए जाते थे। प्रभात सिनेमा हॉल में कुल 105120 शो दिखाए गए।
समय के साथ थिएटरों की साज सज्जा, सुविधाओं और रूप रंग में आए बदलावों और मल्टीप्लेक्स के बढ़ते चलन के साथ न केवल प्रभात से, बल्कि सभी सिंगल स्क्रीन और दशकों पुराने सिनेमा हॉलों से दर्शक दूर होते चले गए। हालांकि प्रभात थियेटर के मालिक नागलिया परिवार के सदस्य वहां पर अन्य कमर्शियल गतिविधियां शुरू करना चाहते थे लेकिन सरकार की तरफ से अनुमति नहीं मिली अंत: उन्हें ये सिनेमा हॉल बंद करने का फैसला लेना पड़ा।

बताते हैं कि नागलिया जी के कपूर परिवार से अच्छे रिश्ते थे। कपूर खानदान की फिल्में अनिवार्य रूप से वहीं रिलीज होती थीं। नागलिया परिवार ऋषि कपूर, रणधीर कपूर, करिश्मा कपूर और करीना कपूर के लोकल गार्जियन भी रहे। पहली बार ऋषि कपूर की फिल्म बॉबी यहां 25 हफ्ते तक चली थी। 
पहले इसी बरस 30 मार्च को ऋषि कपूर की इसी सुपरहिट फिल्म बॉबी के प्रदर्शन के साथ हॉल को बंद करने की योजना थी। ये अंतिम भव्य शो होता लेकिन अब बिना फिल्म चले ही प्रभात टॉकीज बंद कर दिया गया।
72 बरसों तक देहरादून की तीन पीढ़ियों को बेहतरीन सिनेमा का एहसास कराने वाला यह हॉल अब अतीत की बात हो गयी है। हॉल के संचालकों ने इस इमारत की जगह काम्प्लेक्स बनाने का निर्णय लिया है। दीपक नागलिया के बेटे तुषार नागलिया बताते हैं कि उन्होंने देहरादून में ओपन एयर सिनेमा की शुरुआत की है। दून स्कूल से पढ़े तुषार ने ओपन एयर थिएटर कॉन्सेप्ट लॉन्च किया है।
चकराता रोड स्थित नटराज की शुरुआत वर्ष 1950 में हुई थी। इस सिनेमाघर के वर्तमान मालिक भीम मुंजाल बताते हैं कि इसका निर्माण नेपाल मूल के किसी रसूखदार ने कराया था। शुरुआती दिनों में इस सिनेमाघर का नाम नटराज नहीं था, बल्कि इसे हॉलीवुड सिनेमा के नाम से जाना जाता था। उस दौर में पूरे देहरादून में सिर्फ चार सिनेमाघर हुआ करते थे। इनमें नटराज भी शामिल था। सिनेमाघरों की संख्या कम होने और सुविधाएं अच्छी होने के चलते सबसे ज्यादा भीड़ नटराज में ही होती थी। इसके चलते यहां अधिकांश शो हाउसफुल रहते थे। देहरादून के सबसे पुराने सिनेमा हॉल होने के कारण इसके तत्कालीन मालिक ने इस सिनेमाघर का नाम ही हॉलीवुड सिनेमा से बदलकर हाउसफुल रख दिया। इस सिनेमाघर के निर्माणकर्ता ने कुछ समय बाद इसे उद्योगपति दर्शनलाल डावर को बेच दिया था। वर्ष 1980 में उद्योगपति डावर से यह सिनेमाघर वर्तमान मालिक भीम मुंजाल के पिता चमनलाल मुंजाल ने खरीद लिया। उन्होंने ही इस सिनेमाघर का नाम नटराज रखा। 
उन्हीं दिनों फिल्म डिस्ट्रीब्यूटिंग के लिए नया नियम बना दिया गया। जिसके तहत नई फिल्म उन्हीं सिनेमाघरों को दी जानी थी, जिनमें कम से कम 800 व्यक्तियों के बैठने की क्षमता हो। उस वक्त तक नटराज की क्षमता 500 सीट की थी। ऐसे में उन्होंने हॉल को 908 सीट की क्षमता का किया। पसंदीदा सिनेमाघरों में शुमार ‘नटराज’ को अब आधुनिक समय के हिसाब से नए कलेवर में तैयार किया गया है। लॉक डाउन में बंद होने के करीब एक वर्ष बाद अभी हाल ही में यह सिनेमाघर दोबारा दर्शकों के लिए खुला। 
मुझे याद आता है मैंने पहली फ़िल्म 1961 में दिग्विजय ने संपूर्ण रामायण देखी थी। उस समय टिकट 50 आठ आने का था। बाद में बहुत लंबे अरसे तक सभी थिएटरों में आगे की क्लास में टिकट एक रुपया 10 पैसे, फर्स्ट क्लास के टिकट ₹2.25 और बाल्कनी के टिकट ₹3.50 हुआ करते थे। फर्स्ट क्लास में विद्यार्थियों को आइडेंटिटी कार्ड पर 20% की छूट मिल जाया करती थी और ये आइडेंटिटी कार्ड इंटरवल में वापिस मिलते थे। परिवार वाले या अकेली महिलाएं बाल्कनी या फर्स्ट क्लास में ही फिल्म देखते थे।
तब हम गाँधी स्कूल में पढ़ते थे और फर्स्ट डे फर्स्ट शो का शौक बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों को सिनेमा हॉल की तरफ खींच ले जाया करता था लेकिन हमारे प्रिंसिपल चंद्र किरण गुप्ता भी कम नहीं थे। वे सभी कक्षाओं के हाजिरी रजिस्टर चेक करते कि शुक्रवार को कौन कौन सी क्लास में कौन कौन से विद्यार्थी नहीं हैं। तब वे वाइस प्रिन्सिपल सिंघल को साथ ले कर टार्च ले कर नयी फिल्म वाले एक एक पिक्चर हॉल में विद्यार्थियों को ढूंढने निकल जाते और पकड़े जाने पर उन्हें स्कूल से निकाल दिया जाता। अगले दिन प्रार्थना सभा में उनकी पेशी होती, और  ₹10 जुर्माना देने पर ही दोबारा एडमिशन होता। ये उनकी या स्कूल की कमाई का एक अच्छा जरिया था।
मैंने दूसरी फ़िल्म लक्ष्मी थिएटर में 1963 में जय मुखर्जी और आशा पारेख की फिल्म फिर वही दिल लाया हूँ देखी थी। इस फिल्म का नशा कई दिन तक नहीं उतरा था। लक्ष्मी थिएटर के पास ही दिल्ली जाने वाली बसों का अड्डा हुआ करता था और तब देहरादून से दिल्ली जाने वाली बस का किराया छह रुपये चार आने होता था।
उस उम्र में फ़िल्म देखना एक बहुत बड़ा शगल हुआ करता था। हमें जब पता चलता कि सिनेमा हॉल में बाहर लगी शीशे की विंडोज़ में आने वाली फ़िल्म के फोटो लग गए हैं तो हम सब दोस्त बाकायदा फोटो देखने के लिए प्रोग्राम बना कर जाते और बहुत हसरत से उन पुरानी और कई शहरों की यात्रा करके आयी फोटो देखा करते थे। फ़िल्म देखना एक बहुत रोमांचक अनुभव होता था। 
सबसे पहले तो कई कई दिन इसी बात में बीत जाते थे कि फिल्म देखने का जुगाड़ कैसे बिठाया जाये। उन दिनों ढेरों ढेर फिल्मी पत्रिकाएं आती थीं जिनमें फिल्म की कहानी और गीतों के बोल हम पहले से पढ़ चुके होते थे। ये रंगीन फिल्मी पत्रिकाएं हमारे लिए फिल्मों से पहला परिचय कराती थीं। 
पहला शो बारह बजे का होता था और उसमें लड़कों और युवा लोगों के ही हुजूम नजर आते थे। लगभग 30% टिकट तो पहले ही ब्लैकियों के पास पहुँच जाते थे और ₹1.10 की टिकट मिलने के लिए खिड़की में एक हाथ घुसाने भर की जगह अपना अपना हाथ घुसेड़ने के लिए जो मारामारी मचती, शरीफ आदमी की तो टिकट लेने की हिम्मत ही नहीं होती थी। उस क्लास में सीटों के नंबर नहीं होते थे। टिकट मिल जाना मतलब आधा किल्ला फतह। सिर्फ प्रभात टॉकीज में ही एक रुपये दस पैसे की टिकट की खिड़की के आगे रेलिंग थी। एक बार रेलिंग में घुस गये तो टिकट मिलने की उम्मीद रहती थी। महिलाओं के लिए अलग लाइन होती। इस क्लास के टिकटों की एडवांस बुकिंग नहीं होती थी1 
हम बच्चे जब फ़िल्म देखकर आते तो कई कई दिनों तक उन दोस्तों को फिल्मों की कहानी सुनाते रहते जिन्होंने फ़िल्म नहीं देखी होती थी और हम अगले कई दिनों तक फ़िल्म के नशे से बाहर नहीं आए होते थे।
फिल्म देखने के लिए घर से 3 घंटे के लिए निकलने के लिए हमें दो बड़े बड़े संकट पार करने होते थे। फिल्म देखने से लिए सबसे पहले हमें ₹1.10 का इंतजाम करना सबसे मुश्किल होता था। पैसे आम तौर पर हमारे पास नहीं होते थे और दूसरे घर से फ़िल्म देखने जाने की अनुमति नहीं मिला करती थी। छुप कर फ़िल्म देखनी होती थी। पढ़ाई के बहाने या किसी दोस्त के घर जाने के बहाने या घर का कोई काम करने के बहाने। अगर ये दोनों संकट पार हो जायें तो फिल्म देखना एक लॉटरी लगने जैसा होता था।
दूसरा संकट होता था कि अगर घर से छुप कर फ़िल्म देख रहे हैं तो 3 घंटे के लिए घर से बाहर निकलने का बहाना कैसे लगाया जाए। कोई भी फ़िल्म तब 3 घंटे से कम की नहीं होती थी। हर सिनेमा हॉल में चार शो होते थे - 12:00 बजे 3:00 बजे 6:00 बजे और 9:00 बजे। परिवार के लोग या महिलाएं आमतौर पर दोपहर का शो देखना पसंद करती थीं। उसके लिए टिकट पहले से मंगा लिए जाते थे।
हम बच्चों ने 3 घंटे गायब होने के दो तरीके ढूंढ लिए थे। पहले ये तरीका था कि इंटरवल में भागकर घर आकर चेहरा दिखाना और फिर दुबारा गायब हो जाना और दूसरा तरीका हमारा नायाब तरीका था - इंटरवल से पहले एक दोस्त फ़िल्म देखता था और इंटरवल के बाद दूसरा दोस्त उसी टिकट पर फ़िल्म देखता। ये रिले रेस जैसा होता था। दूसरा दोस्त अगले दिन इंटरवल से पहले फ़िल्म देखता था। यही क्रम बाद में बदल कर दोहराया जाता। हालांकि इस तरीके से फिल्म देखने का मजा किरकिरा हो जाता लेकिन क्या करते। इंटरवल के बाद की फिल्म पहले फ़िल्म देखने पर सिर पैर समझ न आता। लेकिन छुप कर फ़िल्म देखी जाए इसके लिए हम हर तरह के जुगाड़ लगाते रहते। 
देखी गयी फ़िल्म के नशे से कई कई दिन तक हम बाहर नहीं आ पाते थे। उन दिनों घंटाघर के पास एक दुकान हुआ करती थी - पंजाब रेडियो। उसका एक कर्मचारी टांगें में बैठकर पूरे शहर में लाउड स्पीकर पर फ़िल्म के बारे में प्रचार करता। वह अकेला शख्स शहर में होने वाली हर ईवेंट का प्रचार करता। फिल्म हो, पैवेलियन ग्राउंड में फुटबाल मैच हो, या नामी ईनामी या नूरा कुश्तियां हों, एनाउंसमेंट वही करता था। वह टांगे में बैठा पूरे शहर का चक्कर लगाता और पिक्चर के पैम्पलेट हवा में उछालता जिन्हें सब बच्चे लपकते। उन पैम्पलेट को लूटना भी अपने आप में एक शगल हुआ करता था। वह आदमी लगभग अनपढ़ था लेकिन उसकी आवाज बहुत मीठी थी और उसके शब्द फिल्म और सिनेमा घर के नाम के अलावा लगभग वही रहा करते थे। वह कहता - फिल्मिस्तान के सुनहरे पर पर्दे पर देखिए हँसी मजाक, मार धाड़ और नाच गानों से भरपूर दारा सिंह की फ़िल्म जंगी लुटेरा या इसी तरह की और कोई फ़िल्म। सुनहरी परदे पर उसके हमेशा के शब्द होते।
तब शहर भर में फिल्मों के पोस्टर लगाने का, चिपकाने का एक नायाब तरीका हुआ करता था। जब फ़िल्म के पोस्टर चिपकाए जाते तो चिपकाते समय पोस्टर को फाड़कर चिपकाया जाता ताकि कोई उन्हें उतार कर न ले जाये। शहर में पोस्टर लगने का मतलब ही फ़िल्म के आने की पूर्व घोषणा हुआ करती थी।
अब तो याद भी नहीं आता कि तब कितनी फ़िल्में कितने थिएटरों में कितने तरीकों से देखीं। लेकिन उस वक्त हमें मार धाड़ और हँसी मजाक की फ़िल्में देखना ज्यादा अच्छा लगता था चाहे जौहर महमूद इन गोवा हो या इसी तरह की और कोई फ़िल्म। हमारे बड़े भाई को हॉरर फ़िल्में या जासूसी फ़िल्में देखने का शौक था। हमारा कोई ऐसा शौक नहीं था। 

हमारे घर के सामने रहने वाले नंदू के पिता का ढाबा था जो मंगलवार को बंद रहता था। नंदू थोड़े थोड़़े करके रोजाना कुछ पैसे चुराता और मंगलवार को बिला नागा चार फिल्मों के चार शो देखता। वह सुबह ग्यारह बजे सज धज कर निकल जाता और को आखिरी शो देख कर ही लौटता। बस फिल्म होनी चाहिये। कोई भी हो। 
एक और बात याद आती है कि उस समय चौराहों की दुकानों के ऊपर फिल्मों के बड़े बड़े होर्डिग लगाए जाते थे और इसके बदले में दुकानदार को फ़िल्म के आखिरी दिन दो टिकट आधे कीमत पर दिए जाते थे। हमारे मौसा जी की चाय की दुकान दिलाराम बाजार में थी और उनके दुकान के ऊपर लक्ष्मी टॉकीज का होर्डिग लगाया जाता था। जब फ़िल्म का आखिरी दिन होता तो नयी फिल्म का होर्डिग लगाते समय उन्हें दो पास मिलते। मौसी का लड़का अक्सर हमारे घर आता और बताता कि नाइट शो की दो टिकट हैं। उसके साथ किसी न किसी भाई को आधी कीमत पर फ़िल्म देखने के लिए अक्सर घर से अनुमति मिल जाती। फ़िल्म बेशक घटिया होती लेकिन मुख्य मकसद तो फ़िल्म देखना होता था, घटिया या अच्छे होने का प्रमाणपत्र देना नहीं।
अंग्रेजी फ़िल्म देखना 1968 में शुरू हुआ। हमारा क्लास फैलो था शशि मोहन पंछी जिसने हमें अंग्रेजी फिल्मों और इस तरह के तौर तरीकों की तरफ आकर्षित किया। बेशक अंग्रेजी हमें बिल्कुल समझ में नहीं आती थी, वह अंग्रेजी अब भी समझ में नहीं आती लेकिन फिल्म देखने का रोमांच बहुत बड़ा हुआ करता था। 1968 में हाई स्कूल में परीक्षाओं के दिनों में जेम्स बॉन्ड की फ़िल्म गोल्डफिंगर लगी थी। गणित के पेपर से एक दिन पहले सामूहिक पढ़ाई के नाम पर ये फिल्म देखी गयी थी। हम रोमांच से भर गये थे। अभी 2 दिन ही बीते थे और हम उसके नशे से बाहर ही नहीं आ पाए थे। आखिरी पेपर ड्राइंग का था और शशि ने बताया कि फ़िल्म में कुछ और दृश्य जोड़े गए हैं इसलिए फ़िल्म उतरने से पहले एक बार दुबारा देखनी चाहिए और हमने ड्राइंग के पेपर से पहले गोल्डफिंगर दुबारा देखी थी। बाद में तो अंग्रेजी फिल्में देखने का सिलसिला बनता चला गया।
अंग्रेजी फिल्में अक्सर एडल्ट होतीं और 18 बरस की उम्र से कम के लड़कों को टिकट नहीं मिलते थे। शायद 1970 के आसपास की बात है। 18 का होते ही एडल्ट फिल्म देखने का मन हुआ। दोस्तों के साथ दोपहर के शो में ब्लो हाट ब्लो कोल्ड देखी। ओडियन से बाहर निकले ही थे कि पिता के एक मित्र ने देख लिया। तय था कि वे हमसे पहले पहुंच कर पिता से शिकायत करते। वही हुआ। घर पहुंचे तो वे इंतजार कर रहे थे। पिता जी ने देखते ही पूछा – कहां से आ रहे हो। बताया – फिल्म देख कर। अगला सवाल था – कौन सी? बता दिया – ओडियन में ब्लो हॉट ब्लो कोल्ड लगी है। वही देखी। पिता जी ने अपने मित्र की तरफ देखा और कंधे उचकाये – बेटा सच बोल रहा है। अब किस बात पर डांटूं।
परिवार के लोग आमतौर पर फर्स्ट क्लास में ₹2.25 का टिकट लेकर फ़िल्म देखते थे। हम लड़कों के लिए तो एक रुपया दस पैसे जुटाना ही मुश्किल होता था। पिक्चर का इंटरवल कितनी देर चलेगा यह इस बात पर निर्भर करता था कि जब तक कैंटीन के सारे चाय और समोसे नहीं बिक गए हैं पिक्चर शुरू नहीं की जाएगी। आमतौर पर पिछले शो की बची हुई चाय थोड़ी सी चीनी डालकर गरम करके दूसरे शो में पिलायी जाती। समोसे कभी ताजे होते कभी पिछले शो के बचे हुए भी।
फर्स्ट डे फर्स्ट शो में और नाइट शो में दर्शकों की क्लास आमतौर पर अलग हुआ करती थी। दिन भर के थके हुए लोग रात को फ़िल्म देखना पसंद करते थे। कॉलेज के लड़कों की पसंद फर्स्ट शो हुआ करती थी। 
कई बार ऐसा भी होता कि कोई फ़िल्म घटी दरों पर दिखाई जा रही होती यानी टिकट साठ पैसे। हम इतने पैसे भी न जुटा पाते और कई बार ऐसा भी होता कि फ़िल्म उतर जाती और हम फिल्म देखने से रह जाते। 
तब खटमल सभी सिनेमा हॉलों में होते थे। आगे की सीटों पर रैक्सीन नहीं होती थी लेकिन फर्स्ट क्लास में सीटें थोड़ी आरामदायक और रेक्सीन वाली होती थीं। तब बाल्कनी में फ़िल्म देखना तो शायद कभी नसीब नहीं हुआ होगा। जब कुछ पैसे होने लगे तो फर्स्ट क्लास में टिकट लेना आसान हो जाता था क्योंकि ₹2.25 की टिकट एक रुपये अस्सी पैसे में मिल जाती थी और ₹1.10 की जनता क्लास की तुलना में पीछे फर्स्ट क्लास में बैठकर फ़िल्म देखना किसी अय्याशी से कम नहीं होता था।
मुझे 1971 के आसपास की एक घटना याद आती है। नटराज में तब दस्तक फिल्म लगी थी। दोपहर का शो था। तब एक बात हुआ करती थी कि अगर इंटरवल से पहले लाइट चली गयी है और बहुत देर तक लाइट वापस ना आयी तो उसी टिकट पर अगले दिन फिल्म देखने का मौका मिल जाता था लेकिन इंटरवल के बाद अगर लाइट गयी है तो उसके लिए कोई रिफंड नहीं दिया जाता था। उन दिनों बड़ी मंडी के पास एक डॉक्टर हुआ करता था जिसकी चिढ़ थी - हो गया। लोग उसके क्लिनिक के आगे से आते जाते उसे चिढ़ाते - हो गया। बदले में वे सारे काम छोड़ कर अपने क्लिनिक से बाहर निकलकर माँ बहन की गालियां दिया करते। तब तक कोई और आदमी हो गया की पुकार करके आगे निकल जाता और गलियों का सिलसिला दोबारा शुरू हो जाता। वे मरीज को इंजेक्शन भी लगा रहे होते तो उसे रोक कर बाहर आ कर गालियां जरूर देते। 
तो बात चल रही थी नटराज में दस्तक देखने की। अचानक लाइट चली गयी। तब अंधेरे में किसी ने यूं ही ज़ोर से कह दिया - हो गया। तब उसे मालूम नहीं था कि डॉक्टर हो गया भी थिएटर में मौजूद हैं। डॉक्टर साहब ने गालियां देनी शुरू कर दीं - तेरी माँ का हो गया, तेरी बहन का हो गया, कोई और हो तो उसे भी ले आ, उसका भी कर दूं। अब तो सबको पता चल गया कि डॉक्टर साहब सिनेमा हॉल में हैं तो दोनों तरफ से धुआंधार मुकाबला शुरू हो गया और गालियों की जो बरसात शुरू हुई,  लोग भूल गए कि इस समय लाइट गयी हुई है और पिक्चर रुकी हुई है। अब वहां पर दूसरी ही जीवंत फ़िल्म चलने लगी थी।
फिल्म देखने से जुड़़ा एक और रोचक लेकिन अप्रिय सा किस्सा याद आ रहा है उस वक्त का। हम बचपन में जहां पर मच्छी बाजार में रहते थे, पास में ही खटीकों और कसाइयों की मांस मछली बेचने की कई दुकानें थीं। वहीं पर गफूरा नाम का आदमी था जिसकी गंदी निगाह जवान होते किशोरों पर होती। सबको पता था कि उसकी नीयत क्या है। दुकान बंद करने के बाद वह रात को सैर के लिए निकलता और किसी न किसी लड़के को फुसला कर दूध जलेबी खिलाने ले जाता। हम सब बच्चे जानते थे कि दूध जलेबी का मजा लेने के बाद बहाने से खिसकना कैसे है। वह तब नये लड़के की तलाश में रहता। उसका अगला कदम होता फिल्म दिखाना। वह लड़के को ही पैसे देता कि फर्स्ट क्लास के दो टिकट ले आये। वह खुद हॉल में अपनी सीट पर बाद में पहुंचता। 
सभी लड़कों को ये पता था कि वह फिल्म क्यों दिखा रहा है और अंधेरे में क्या करेगा और खुद उन्हें क्या करना है। सीनियर लड़के सब बता चुके होते। जिस भी लड़के को वह फिल्म दिखाने ले जाता, वह लड़का किसी न किसी बहाने से बाहर आता, अपनी टिकट उसी दाम पर या कम दाम पर किसी को बेचता और घर आ जाता। बाद में अंधेरे में उस लड़के की जगह कोई और आदमी पहुंचता। 
आप कल्पना कर सकते हैं कि अंधेरे में उसके बाद क्या होता होगा।
बाद में पता चला था कि गफूरे ने कई बार दूध जलेबी का लालच दे कर नंगी घूमने वाली एक पागल औरत के साथ दुष्कर्म किया था और बाद में वह पगली औरत गर्भवती हो गयी थी।

9930991424
D 9/19 GF, EXCLUSIVE FLOOR, DLF 5 SECTOR 53 GURUGRAM 122002   

नोट: सभी तस्वीरें इंटरनेट से साभार्। 

1 comment:

Onkar said...

बहुत सुंदर