Wednesday, November 11, 2026

शिवानी के साहित्य में संवेदना और शिल्प

 

 

चित्र :आई आई टी कानपुर के शिवानी केन्द्र की वेब्साइट से साभार

 

( यह  कथाकार शिवानी का जन्म शताब्दी वर्ष है। उनके  योगदान को याद करते हुए दिनेश चन्द्र जोशी ने यह आलेख लिखा है)

 

 


शिवानी के साहित्य में संवेदना और शिल्प
                                      दिनेश चंद्र  जोशी

हिंदी साहित्य में गौरा पंत शिवानी एक ऐसा  चिरपरिचित लोकप्रिय नाम है,जिनके यश की कीर्ति न केवल हिंदीभाषी क्षेत्रों तक सीमित रही,बल्कि बंगाल,गुजरात,महाराष्ट्र,कर्नाटक के साहित्य प्रेमियों के मनो-मस्तिष्क में भी अंकित व शोभित हुई।
हिंदी साहित्यकारों में यदि लोकप्रियता के आधार पर मूल्यांकन किया जाय तो कथाकार,उपन्यास कारों में प्रेमचंद के बाद एकमात्र ऐसा नाम शिवानी का ही सुनाई पढता है जिन्हें पाठकों ने सिर माथे लिया।
यद्यपि प्रेमचंद को जहां,भारतीय समाज के यथार्थवादी चित्रण के लिए सम्मान मिलता है, वहीं शिवानी को समाज के मध्यम वर्ग व उच्च वर्ग के जीवन की असंख्य छटाओं को कल्पना व यथार्थ की मिली जुली सरस नाटकीय कथाशैली में प्रस्तुत करने हेतु याद किया जाता है।
आजादी के पश्चचात जब देश में राजनीतिक परिवर्तन व स्वदेशी नेतृत्व के साये में जन मन की भौतिक आकांक्षायें तमाम विकास कार्यों द्वारा सम्पादित हुई वहीं जनमानस के ह्रदय की उद्दातता,उनके भाव विचारों के उद्दीपन,अभिरुचि व चेतना सम्पन्नता हेतु कला साहित्य के साधकों ने अपनी रचनाओं व कृतियों के माध्यम से जनता के अनुभव खंड व भावलोक को असीम विस्तार प्रदान किया।
इसी काल खंड में कथा लेखिका शिवानी की रचनायें विभिन्न पत्रिकाओं में प्रकाशित होकर पाठकों के दिल में अपना स्थान बनाने लगी थी। यूं तो उनकी पहली रचना 12 वर्ष की उम्र में अल्मोडा से निकलने वाली नटखट पत्रिका में प्रकाशित हो गयी थी,लेकिन राष्ट्रीय स्तर की पत्रिका धर्मयुग में 1951 में उनकी पहली रचना छपी। उसके पश्चात 'लाल हवेली' नामक  कहानी के प्रकाशन के बाद उनका नियमित लेखन  एकबार जो प्रारंभ हुआ तो फिर अगले पचास वर्षों तक वे साहित्य की सतत साधना करती रही। जीवन के अंतिम दिनों में भी वे आत्मकथ्य 'सुनहू तात यह अकथ कहानी' तथा 'सोने दे' नामक आत्मवृत्तात्मक आख्यान के सृजन में रत रहीं।
अपने विद्यार्थी जीवन तथा युवावस्था में मुझे सन 1971 से 1983 तक लखनऊ के महानगर इलाके में रहने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। वहां पर कुछ पर्वतीय परिवारों में रिश्तेदारी के कारण शिवानी का आना जाना था। ऐसे मौके विशेष पर हम लोग भी उनकी झलक व सान्निध्य पा कर गदगद हो जाते थे। वे पर्वतीय परंपरा के अनुरुप  रिश्ते में बड़ों के पांव छूती थी। हम लोग आश्चर्य करते हुए कहते, इतनी बड़ी लेखिका होते हुए,भी देखो,कैसे पैलागा कर रहीं हैं।'
उसके अतिरिक्त भी लखनऊ के रवीन्द्रालय सहित अन्य सभागारों में,उनके व्याख्यान सुनने का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ। 
उन्हीं दिनों स्वतंत्र भारत अखबार में उनका लोकप्रिय धारावाहिक संस्मरण 'वातायन' प्रकाशित हो रहा था। जिसे पढने की चाह साहित्य प्रेमियों के साथ सामान्य  जनता में भी इस कदर बढ रही थी कि जिनके घर पर स्वतंत्र भारत नहीं आता था,वे नाई की दुकान,आटे की चक्की या पान की दुकान पर अखबार खोजकर वातायन पढते थे। किसी लेखक की रचना के प्रति ऐसी दीवानगी मैने पहली बार देखी।
जहां तक उनकी रचनाओं के शिल्प विधान व संवेदना की बात है तो इन दोनों प्रतिमानों में उनका साहित्य अद्वितीय ठहरता है। वे भाषा का अपना मौलिक मुहावरा गढने में समर्थ हैं।
उनके उपन्यासों,कहानियों व संस्मरणों में जब लेखकीय विचार व कथन प्रकट होते हैं तब उनकी विद्वतापूर्ण संस्कृतनिष्ठ प्रांजल साहित्यिक भाषा की छटा देखने लायक होती है। वहीं,जब वे पात्रों के संवाद रचती हैं,तब उनकी जुबान के अनुरुप शहरी देशज,क्षेत्रीय भाषा,यहां तक कि भदेस शब्दों के प्रयोग से भी परहेज नहीं करती। 'किशनुली का ढांट' नामक उपन्यास का शीर्षक में 'ढांट' शब्द का प्रयोग कर उन्होंने तत्कालीन साहित्यिक सुचिता को  ठेंगा दिखाते हुए साहसिक सृजन का नमूना पेश किया।
'ढांट' शब्द कुमांऊ में निकम्मे निठल्ले जवान लड़के  को कहते हैं। साहित्य में इतने खुल्लमखुला तौर पर प्रगतिशीलों ने भी अपनी कृति के ऐसे भदेस शीर्षक नाम नहीं रक्खे।


इसलिए शिवानी के लेखन पर मुख्यधारा के  आलोचक गणों द्वारा आभिजात्य व जटिल संस्कृतनिष्ठता का जो आरोप लगाया जाता है वह निराधार है।
उनकी रचनाओं के शिल्प की एक खासियत यह है कि अगर उनकी सहित तमाम अन्य  लेखकों की कृतियों में से लेखक का नाम व रचना शीर्षक हटा दिया जाए तथा कहा जाय कि अब सिर्फ गद्य पढ कर बताइये फलां रचना किसकी है? शिवानी की कृति सर्वप्रथम छांट ली जायेगी। ऐसा शिल्प वैशिष्ट्य जिस साहित्यकार के पास हो,अन्य उद्धरण देकर उसकी क्या तारीफ की जाए। 
भाषाई समृद्ध पारिवारिक संस्कारों की वजह से संस्कृत के श्लोक उनकी लेखनी से सहज नि:सृत होते रहते हैं। सुरंगमा उपन्यास में यह छटा देखिए,

'विध्यस्थां विंध्यनिलयां दिव्यस्थान संवासिनी
योगिनी योगमाताश्च चण्डिका प्रणाम्यहम।'

एक तरफ श्लोक व दूसरी ओर 
लोकभाषा के गीतों व कविताओं का प्रयोग कर वे अपने आख्यान में चार चांद लगा देती हैं,

'हिसालू तू छे बड़ी रिसालू जां जांछे उधेडी खांछे।'

काव्यात्मक वर्णनों की उनके उपन्यासों में भरमार  नजर आती है।

'पूर्णिमा की द्योत चंद्रिका की किरणों से आलोकित उसका मुखमंडल शांत,उद्वेग रहित और निर्भय चमक रहा था।'
नायिका के रुप वर्णन का निम्न शिल्प अन्यत्र कहां मिलेगा।
'नाक देखती नहीं कैसी खड्ग की सी धार धरी है, होंठ,आह क्या मनोहारी गठन है,और यह ललाट
काले चिकने घने केश और नाचती बावन तोले के वनमृगी सी आंखें। तभी तो मैने नाम धरा है कृष्णकली।'
कृष्णकली उनका सर्वाधिक प्रसिद्ध उपन्यास है।जिसके दसियों संस्करण निकल चुके हैं।
'करिये छिमा' उपन्यास पर विनोद तिवारी ने फिल्म बनाई थी। सुरंगमा,तीसरा बेटा, रति विलाप पर टी वी धारावाहिक बन चुके हैं।
शिवानी की संवेदना और शिल्प पर उनकी बेटी सुपरिचित साहित्यकार मृणाल पांडे की टिप्पणी गौरतलब है। 
''एक तटस्थ लेकिन करुणामय दृष्टि से शिवानी ने अपने एकाकी समझ झरोखे में बैठ कर चारों ओर दीखते स्वातंत्र्योत्तर भारतीय राज समाज तक के नित नये मुजरों पर लिखा,उनकी अकथ कथाओं की वह कमानी बडी नफासत से आजाद भारत में संसद से सड़क तक तरह तरह के उन किरदारों,घटनाओं,और मानवीय गुणावगुणों को मापती रही,जो तुलसी के शब्दों में,
'समुझत बनत न जात बखानी'  है।
                         *
  '------ और वह घूमती रही, संस्मरण  यात्रावृतांत और कहानियां रचती रही। बाइबिल भी तो कहती है 
कहानियां बटोरना दुख बटोरना है।'
                           *
एक लेखक के बटोरे या कहें सृजित दुखों की यह विशाल गठरी ही है जो उनके समग्र साहित्य की संवेदना है।उनके गद्य में अलंकारों के प्रयोग की बानगी देखते ही बनती है,

'ऊंचे जूडे की गरिमा उस एलोकेशी के माथे पर शेषनाग के घेरे सी घेरे रहती थी।'

पर्वतीय प्रदेश के आंचलिक शब्द उनकी रचनाओं में यत्र तत्र मीनाकारी सी करते हैं।

'दो दिन की यात्रा पंडिताइन की बनाई गुड़पापड़ी फांक कर ही सम्पन्न की थी लोकमणि पंत ने।'

चरित्र चित्रण में प्रामाणिकता लाने  हेतु  परिवेशानुकूल त्याज्य व अपशब्दों के प्रयोग से भी वे  गुरेज नहीं करती.

' पर ऐसा बदनाम है ससुरा सांड जैसा खबीस।'

कहावतों व सूक्तियों का प्रयोग तो वे बात बात में ऐसे  करती हैं जैसे उनके लिए यह दांये हाथ का खेल हो।

अपने संस्मरण में एक जगह वे लिखती हैं,
हमारे पहाड़ी कहावतों में मीठे पहाड़ी फलों की सी सहज मिठास रहती है,ऐसी ही एक कहावत कभी सुनी थी, 
'कहुंणि नी सकुंल तो घरज्वे हूं जै के नि सकुंल।'
'अजी किसी से भी नहीं नहीं जीत सका तो क्या घर में पत्नी से भी नहीं जीत सकूंगा!'

इस प्रकार उनके साहित्य में शिल्प की तमाम चित्ताकर्षक प्रविधियां अनायास गुम्फित होकर उनकी रचनाओं को प्राणवान बनाती हैं,तभी तो वे पाठकों की चहेती लेखिका बन सकी।
मुझे तो बार बार यही लगता है कि भाषा शैली व शिल्प ही उनकी रचनाओं का सबसे मजबूत पक्ष है इसी कारण उनके कथानकों में यदा कदा महसूस की
जाने वाली अति नाटकीय घटनाओं से विचलित होने के बावजूद भी पाठक,शिल्प के सम्मोहन वश रचना के पाठ में आकंठ डूबा रहता है।

बात,उनके साहित्य में संवेदना की करें तो यह तो निर्विवाद सत्य है कि शिवानी की रचनायें भारतीय समाज में नारी के दुख दर्द और समस्याओं के प्रति अत्यंत संवेदनशील विदुषी लेखिका की आंतरिक  व्यग्रता छटपटाहट और विचारशीलता से उपजे 
चिंतन का परिणाम है।
तिरस्कृत वृद्ध मां-पिता की समस्या पर लिखी हुई  उनकी चर्चित कहानी 'पूतों वाली' की मार्मिक संवेदना पाठक को झकझोर कर रख देती है।
उनकी शुरुआती कहानी, 'लाल हवेली' भारत पाक विभाजन की त्रासदी पर आधारित है। दंगों में परिवार से बिछुड़ी सुधा,वर्षों बाद ताहिरा बन कर पति रहमान के साथ पति की रिश्तेदारी की शादी में पाकिस्तान से वीजा बनवाकर भारत आयी हैं। लेकिन विडंबना देखिए,सुधा की पूर्व ससुराल की लाल हवेली रहमान की रिश्तेदारी के घर के ठीक सामने है। इस घर के दोमंजिले की खिड़की खोल कर हवली को निहारती अतीत की यादों में डूबी ताहिरा कब सुधा बन गयी,उसे पता ही नहीं चलता। आंसुओ की अविरल धारा के झरने पर वह चौंकती है।'अरे, वह तो ताहिरा है,सुधा तो कब की मर गयी।'
इस मार्मिक कथा की संवेदना कहानी को स्मृतिजीवी बना देती है।
सामाजिक विसंगतियां,चाहे वह ग्रामीण संस्कृति और नगरीय संस्कृति का अंतर हो अथवा अनमेल विवाह,वैधव्य,अवैध मातृत्व, वेश्यावृत्ति,दहेज प्रथा,छुआछूत,अविवाहित जीवन के अभिशाप सहती नारियों की दास्तान। घोर सामाजिक विसंगतियों के ये सब अप्रीतिकर मंजर उनसे एक नया उपन्यास लिखवा लेते थे।
अवैध मातृत्व की की त्रासदी से शिवानी अत्यन्त विचलित रही होंगी तभी उनकी संवेदना स्त्री की निर्दोषता के पक्ष में मुखर होकर प्रकट होती है। उन्होंने इसे अपनी रचनाओं में बार बार उठाया है,तथा सामाजिक कलंक माने जाने वाली इस समस्या को वैधता प्रदान करने का आदर्श प्रस्तुत किया है। 'किशनुली का ढांट', 'करिये छिमा', कैंजा,'तीसरा बेटा' उपन्यासों में उन्होंने इस विषय पर बड़े ही मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण से कलम चलाई है।
उनकी रचनाओं में मौजूद,अनमेल विवाह, दहेज प्रथा तथा वेश्यावृत्ति से दुखी प्रताड़ित,तिरस्कृत नारियों के दुख दर्द आक्रोश,प्रतिशोध के असंख्य मनोभाव पीड़ित के प्रति लेखिका की अपार सहानुभूति व संवेदना के परिणाम स्वरुप ही उमड़े हैं। उनके उपन्यास, चांचरी, कालिन्दी ,पाथेय, रथ्या आदि के कथानक  इन्ही विषयों को आधार बनाकर रचे गये हैं,जाहिर है लेखिका की व्यग्रता,चिंता व संवेदना पीड़ित पात्रों की मुक्ति हेतु रचनात्मक कलात्मक हस्तक्षेप के तौर पर कटिबद्ध है।
कल्पनाशीलता से अधिक उनके चिंतन व बौद्धिकता का फलक दर्शाता है कि वे सही मायनों में एक विदुषी बुद्धिजीवी थी।
हिंदी क्षेत्र में पाठकों,खासतौर पर महिलाओं की रुचि निर्मित करने तथा कहानी को केन्द्रीय विधा के रुप में
विकसित करने का श्रेय शिवानी को जाता है,इसमें कोई संशय नहीं।
                ***

दिनेश चंद्र जोशी,
म.न- 4, क्रास-3
तपोवन एन्क्लेव,देहरादून 
मो.9411382560