Tuesday, September 1, 2026

शताब्दी स्मरण: विजयदान देथा



 

 ( विजय दान देथा  को उनकी जन्म शताब्दी के अवसर  कथाकार और  धरती के माप-जोख के गहन अनुसन्धानकर्ता अरुण कुमार ‘असफल’ ने यह आलेख विशेष रुप से  ‘लिखो यहां वहां’ के लिये लिखा है। )

 

 यह उस समय की बात है जब मैं बोरुन्दा में था

अरूण कुमार ‘असफल’ 


 
’ एक था राजा, एक थी रानी...’ या फिर ‘ किसी जमाने की बात है...’ , दादी-नानी के क़िस्सों की शुरुआत ऐसी ही होती थी। यह शुरुआत इतनी सम्मोहक और मासूम होती थी कि हम शनैः शनैः डूबते चले जाते थे। कुछ ऐसी ही शुरुआत विजयदान देथा (बिज्जी) की कहानियों की होती है, उदाहरणार्थ ‘ किसी एक वक़्त की ढलान पर कुदरत का एक गांव बसा हुआ था ’ (लजवन्ती), बड़ी रातों का बड़ा भोर’, जूनी बातों का नया जोर’ (बड़ा कौन) या ‘ एक धनी सेठ था। उसके इकलौते बेटे की बरात धूमधाम से शादी संपन्न का वापस लौटते हुए जंगल में विश्राम करने के लिए रुकी। घनी खेजड़ी की ठंडी छाया। ’ (दुविधा) । जब कहानियों की शुरुआत इतनी मोहक हो तो क्या बड़ा क्या छोटा, क्या गँवई क्या शहराती, कौन नहीं फंसेगा बिज्जी की क़िस्सगोई के जाल में! कहानियां पढ़ते हुए जब सुनने का सुख मिलता है तो ऐसा व्यक्ति जब मुंह खोलता होगा तो क़िस्से ही क़िस्सें निकलते होंगे, ऐसी हमारी कल्पना थी।
इसलिए बिज्जी को सुनने को बहुत मन था। पर बिज्जी सर्वथा सर्वत्र उपलब्ध नहीं रहते थे। बोरुन्दा से बाहर निरुद्देश्य भ्रमण नहीं करते थे। कभी गोष्ठी सेमिनार वगै़रह में बाहर जाते भी थे तो तुरंत वापस आ जाते थे। बिज्जी उन दुर्लभ साहित्यकारों में थे जिन्होने ता उम्र अपना गांव नहीं छोड़ा, पर जिनकी प्रसिद्वि दूर दूर तक थी। एक बार मैं किसी काम से जोधपुर गया भी था पर पारिवारिक अड़चनों की वज़ह से बोरुन्दा नहीं जा पाया था। पर यात्रा की यह अपूर्णता मुझे काफ़ी समय तक कष्ट देती रही थी। इससे मुक्ति पाने के लिए ही मैं सपरिवार अगस्त 2011 में बोरुन्दा जा पहुँचा। बोरुन्दा पहुँचना आसान नहीं था। पर जब आकर्षण जबरदस्त हो तो बाधाओं के बावज़ूद आदमी उस ओर खिंचा चला जाता है। कहा जा सकता है कि उनकी कहानियों के आकर्षण से खिंचते हुए हम अंततः बोरुन्दा जा पहुँचे।
 
हमारे लिए बोरुन्दा पहुँचना भले ही कठिन था पर बोरुन्दा से उनके घर पहुँचना कितना आसान था यह हमें बस स्टेशन पहुँच कर पता चल गया। बस से उतरते ही जिस पहले व्यक्ति से बिज्जी का घर पूछा तो उसने बिना देर किये इशारे से उनके घर का रास्ता बता दिया। इसके बाद भी जिस किसी से भी बिज्जी के घर का रास्ता पूछा , किसी ने भी यह नहीं कहा कि उसे उनके घर का रास्ता नहीं मालूम। एक साहित्यकार की समाज में इतनी स्वीकार्यता कम ही देखने को मिलती है। जिस ‘ लोक’ के सुख,दुख, चिंताओं को वह अपनी कथाओं के माध्यम से व्यक्त करते हैं उस ‘ लोक’ को उनको आदर भाव देना ही था। पर जब मेरी मुलाकात इस सम्मानीय व्यक्त्तिव से हुई तो मुझे बहुत पीड़ा हुई। अपने प्रिय लेखक को बिस्तर पर पड़े देख कर मेरी खुशी आधी रह गयी थी। पता चला कि दो वर्ष पूर्व गिर जाने के कारण उनकी कूल्हे की हड्डी टूट गयी थी। अधिक उम्र होने के कारण हालत में बहुत धीरे धीरे सुधार हो रहा था। हम समझ सकते थे कि जो व्यक्ति कुर्सी मेज पर बैठ कर नित आठ घंटे लिखता पढ़ता हो उसके लिए यह स्थिति कितनी यातनादायक थी। पर उनके साथ एक और त्रासदी हमारे वहाँ पहुँचने के कुछ समय पूर्व हुई थी। उनके बेटे कैलाश कबीर ने बताया कि कुछ महीने पूर्व वह स्नानघर में फिर गिर गये थे जिससे उनके सर में चोट लग गयी थी। उन्होने बताया कि कूल्हे की हड़डी टूटने के बाद भी कुर्सी मेज पर बैठ कर थोड़ा बहुत लिखना पढ़ना हो जाता था। पर सर में चोट लगने से लिखना बिल्कुल बंद हो गया था। बिज्जी ने स्वंय मद्धम स्वर में बताया कि लिखने के लिए दिम़ाग पर जोर देना या कुछ कल्पना करना बिल्कुल असंभव हो गया था।
 
 

 
 
मैंने बिज्जी को देखा। इतना कुछ लिख लेने के बाद भी कुछ और लिखने का अतृप्त भाव उनके चेहरे पर पढ़ा जा सकता था। ’लोक’ के लिए समर्पित लेखक कभी नहीं चुकता, इस बात के मिसाल थे बिज्जी। अस्सी बरस की उम्र में उनका महत्तम कार्य ‘दासी की दास्तान’ के रूप में आया। इसमें राजस्थान एवं आसपास के लोक में व्याप्त सात प्रेमाख्यान शामिल है। जिनमें राजस्थान गुजरात में प्रचलित लोक कथा जसमा-ओडण (अनदेखा अंतस), राजस्थान सिंध की प्राचीन लोक कथा जलाल-बूबना (उपाय) तथा राजस्थान का लोकप्रिय प्रेमाख्यान मूमल-महेन्द्र (भरम) शामिल हैं। स्त्री पुरुष संबंधों को रेखांकित करती हुई इन लोक कथाओं में प्रेम संबंधी मामलों में स्त्रियों के अंतर्द्वंद, आत्मविश्लेषण तथा पवित्र प्रेम के प्रति उनकी प्रबल इच्छा को ख़ूबसूरती से उकेरा गया है। चार सौ नौ पृष्ठों की यह किताब वर्ष 2010 में भारतीय ज्ञानपीठ से प्रकाशित हुई थी और एक वर्ष बाद इसका दूसरा संस्करण आ गया था।
शारीरिक आघातों के साथ ही साथ निज से बिछुड़ने का भी आघात उन्हें लगा था। उनकी जीवन संगिनी भी नहीं रहीं थीं और उनके अंतरंग मित्र और रचनाकर्म में सहयोगी कोमल कोठारी भी कुछ माह पहले निधन हो गया था। यदि कोमल कोठारी का साथ नहीं रहता तो उनके लिए लोक कला का संचयन और संरक्षण संबंधी कार्य काफी मुश्किल होता। महाविद्यालय स्तर की पढ़ाई पूरी करने के बाद बिज्जी को जोधपुर दरबार में नौकरी मिल रही थी पर लोक कथायें उन्हें अपने पास बुला रही थीं और वह उधर ही बढ़ चले। तब कोमल कोठारी का आर्थिक सहयोग बिन मांगे हाज़िर था। कोमल कोठारी वणिक वर्ग से आते थे और लोक कलाओं के प्रति अगााध प्रेम रखते थे। राजस्थान में रहते हुए मैंने यह जाना कि वहाँ वणिक वर्ग का लोक कल्याणकारी पक्ष अधिक उभर कर आता है। महाराणा प्रताप और भामाशाह का प्रसंग तो सभी जानतें हैं। यहाँ कोमल कोठारी की भूमिका भामाशाह जैसी ही थी। कोमल कोठारी ने ही बोरुन्दा में रूपायन संस्थान की स्थापना की और विजयदान देथा को वहाँ का सचिव नियुक्त किया था।
बिज्जी ने बताया कि आजादी के आस पास के दौर में राजस्थानी लेखन में दो प्रमुख धाराएं थीं। कुछ लोग वेद, पुराण आदि धर्मग्रन्थों को आधार बना कर रचनाकर्म कर रहे थे तो दूसरा वर्ग वह था जो राजे रजवाड़ों की महिमा मंडन में लगा था। उन्होने इनसे अलग हटकर राजस्थान में यत्र तत्र फैले लोक कथाओं को अपना सृजनात्मक आधार बनाया। जब उन्होने लोक कथाओं पर अपना काम आरंभ किया तो उनके सामने राजस्थान, भारत यहाँ तक कि पूरी दुनिया में इसका उदाहरण नहीं था। यह तथाकथित मौलिक लेखन से भी अधिक कठिन या मौलिक कार्य था। इस तरह से कोई और मिसाल न होने के कारण उन्होने एक नई परंपरा की नींव डाली- लोक कथाओं को पुनः सृजित करने की परंपरा। जब उन्होने लोक कथाओं को बटोरने का कार्य आरंभ किया तो वह आजादी के तुरंत बाद का दौर था। जन सामान्य से संबंधित आधारभूत सुविधाएं जब शहरों में नहीं थीं तो गाँवों में होने का कोई सवाल ही न था। तब रास्ते के नाम पर यत्र तत्र रेत के ढूहें ही दिखते थे। वाहनों के नाम पर बस ऊँट गाड़ियां ही थीं। बहुत से स्थानों पर तो ऊँट गाड़ियां भी नहीं जा सकती थीं। वहाँ वह गिरते पड़ते पैदल ही बढ़ चलते और गाँव के बड़ों बुजुर्गांे की खोजबीन में लग जाते थे। उनसे स्मृतियों पर जोर डलवा कर लोक कथाएं सुनते और लिपिबद्ध करते। सुनाने वाले को उचित पारिश्रामिक भी देते और उसका नाम लोक कथा के साथ प्रकाशित करते।
  

 
 
 
लोक कथाओं का संचयन उनकी रचना प्रक्रिया का प्रथम सोपान था। उसके बाद आरंभ होता था इन लोक कथाओं के सृजन का महती कार्य। बिज्जी अपनी दृष्टि, संवेदना और रचनात्मक कौशल से लोे कथा के उस बीज से कहानी का ऐसा वटवृक्ष तैयार करते जिसमें लोक की गन्ध तो होती परंतु उसमें रूढ़िवादिता, जातीय या सामंती मुग्धता की दुर्गन्ध बिल्कुल नहीं। बिज्जी ने बताया कि बहुत सी लोक कथाओं में सामंती अहंकार की झलक आती है। उदाहरणर्थ, ’चाौधराइन की चतुराई’ संग्रह में सम्मिलित कहानियों की बीज लोक कथाओं में असमतावादी भाव रहता है। इसके अतिरिक्त बहुत सी लोक कथाओं में स्त्रियों, दलितों या विकलांगों की स्थिति उपहासजनक रहती है। यही स्थिति मुहावरों और लोकोक्तियों के बारे में भी है, उदाहरणार्थ- अंधा बाटे रेवड़ी, अंधों में काना राजा आदि। बिज्जी की कहानियों को ध्यानपूर्वक पढ़े ंतो उनकी अंतर्वस्तु में प्रगतिशील चेतना का आभास हो जाता है। उन्होने लोक कथाओं के विभिन्न अभिप्रायों को व्यापक जन समाज में प्रसारित करने के उद्देश्य से अपनी प्रगतिशील और वैज्ञानिक दृष्टि से पुनः सृजित किया। उनकी लोकरूचिपूर्ण भाषा तथा किस्सागोई की विशिष्ट शैली में पुनः सृजित होकर ये लोक कथाएं नए कलेवर में नए लाक्षणिक अर्थों में परिपूर्ण हैं। बिज्जी द्वारा सृजित लोक कथाएं मूल बीज कथाओं से इतनी अलग होतीं कि जब कभी इन कथाओं को उन लोगों को सुनाया जाता था जिनसे ये बीज कथाएं प्राप्त होती थी, तो वे लोग अचंभित हो जाते थे कि ये तो वे कथाएं नहीं हैं जो उन्होने बिज्जी को सुनायी थी।
उनकी कहानियों में स्त्री अपने देह का निर्णय स्वंय लेती है, दलित या श्रमिक तर्क करते हैं और राजा या अन्य प्रभावशाली वर्ग को निरुत्तर या निरुपाय रह जाना पड़ता है। इनकी एक कहानी ‘ रास्ते की तलाश’ में खेतिहर बुढ़िया बहस मुबाहिसों में राजा भोज को भी पीछे छोड़ देती है। ‘फितरती चोर’ का चोर अपने भोलेपन में इस दुनिया के असली चोरों को बेनकाब करता हुआ राजमहल के अंतःपुर में पहुँच जाता है और रानी का दिल चुरा बैठता है। पर अनजाने में ही किसी साधु द्वारा वचनबद्व हो जाने के कारण किसी भी सुख सुविधा का उपयोग नहीं कर पाता। इस कथा में निहित तमाम अर्थो में यदि यह अर्थ सर्वाधिक उभर कर आता है कि वंचितों, शोषितों के उन्नयन में ब्राह्मणवाद एक बहुत बड़ा रोड़ा है तो यह अनायस नहीं है।
अगर बिज्जी की सृजन यात्रा की बात करें तो लोक कथाओं का संचयन उस यात्रा का प्रथम पड़ाव और लोक कथाओं का पुनर्सृजन दूसरा पड़ाव है। लेकिन बिज्जी यहीं पर शांत नहीं हो जाते। उनकी सृजन यात्रा का तीसरा पड़ाव होता था उनकी किताबों की छपाई। बिज्जी अपनी किताबों का अपने आँखों के सामने छपते देखना पसंद करते थे। यह बहुत आश्चर्य की बात है कि उनके द्वारा तैयार 5500 पृष्ठों की ‘ राजस्थानी हिंन्दी कहावत कोश’ की छपाई जब दिल्ली में हो रही थी तो वह वहाँ मौजूद थे। बिज्जी की मूल रूप से राजस्थानी में लिखी गयी लोककथाएं ं उनके सामने ही छप कर ‘बातां री फुलवारी’ नाम से 14 खण्डों में संकलित है और रूपायन संस्थान से प्रकाशित हैं। प्रकाशन के पश्चात इन पुस्तकों के वितरण और विक्रय का सवाल खड़ा हुआ। रूपायन संस्था के दो ही कर्ता धर्ता थे- बिज्जी और कोमल कोठारी। बिज्जी लोक कथाओं के संचयन कार्य में लगे रहते और कोमल कोठारी लोक कथाओं पर शोधपरक कार्य में व्यस्त रहते। उस समय वितरण का आज जैसा नेटवर्क नहीं था। फलतः दोनों को एड़ी चोटी का ज़ोर लगा कर इन पुस्तकों को पुस्तकालयों और संस्थानों में खपाना पड़ा था। जिसका नुकसान यह हुआ कि बिज्जी के कार्य का जितना प्रचार प्रसार होना था वह नहीं हो पाया। राजस्थान में व्यापकता में तब जाने गए जब राजस्थान से बाहर ख्याति मिली। यह तब हुआ जब राजकमल से 1979 में हिंदी में ‘दुविधा और अन्य कहानियाँ’ प्रकाशित हुई। इन कहानियों का राजस्थानी से हिन्दी में अनुवाद कैलाश कबीर ने किया है। उस समय हिंदी कहानियों में भाषा एवं शिल्प के स्तर पर नए नए प्रयोग हो रहे थे पर कथ्य पर कम ध्यान दिया जा रहा था। कथ्य से भरपूर बिज्जी की इन कहानियों ने हिंदी के बड़े पाठक वर्ग को आकर्षित किया। क़िस्सागोई और नाटकीयता से भरी इन कहानियों ने बहुत से नाटककारों, फ़िल्मकारों, धारावाहिक निर्माताओं आदि विभिन्न माध्यम के लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। उनकी कई कहानियाँ नाट्य रूपान्तरित हो कर मंचित हुई और कई पर टेलीफ़िल्में बनीं।
 
 
 
 

 
 ‘दुविधा‘ पर प्रसिद्ध फ़िल्मकार मणिकौल ने उसी समय इस नाम से फ़िल्म बनायी जो फ़िल्म समीक्षकों द्वारा बहुत सराही गयी थी। सन 1983 में ही उनका दूसरा अनूदित संग्रह ‘ उलझन और अन्य कहानियाँ प्रकाशित हुआ। जिसमें ‘उलझन’ और ‘ फितरती चोर’ सहित कहानियों के साथ साथ एक लघु उपन्यास ‘आदमजाद’ भी है। प्रसिद्ध नाटककार हबीब तनवीर ने ‘फितरती चोर’ का ‘ चरणदास चोर’ के नाम से नाट्य रूपान्तरण किया और देश विदेश में इनका मंचन किया। इस नाटक में ‘लोक’ जीवन की समझ रखने वाले अपने समय के दो बड़े कलाकारों (विजयदान देथा और हबीब तनवीर) का कलात्मक कौशल देखने लायक है। दूरदर्शन ने उनकी एक प्रसिद्ध कहानी ‘परिणिति‘ पर पर टेलीफ़िल्म बनाकर उस दौर में प्रसारण किया जब दूरदर्शन घर घर में लोकप्रिय हो रहा था। यह कहा जा सकता है कि अस्सी नब्बे के दशक में बिज्जी राष्ट्रीय क्षितिज पर आए। वर्ष 2005 में अमोल पालेकर ने ‘दुविधा’ पर ही ‘पहेली’ नाम से फ़िल्म का निर्देशन किया। इस फ़िल्म ने थोड़ी बहुत व्यवसायिक सफलता हासिल की थी।
एक ही कहानी पर दो समर्थ फ़िल्मकारों द्वारा फ़िल्म बनाना महत्वपूर्ण घटना थी। मैंने इस बाबत बिज्जी से पूछा कि वह किन के कार्य से अधिक संतुष्ट हैं तो उन्होंने कहा कि ‘दुविधा‘ (मणिकौल) कलात्मक रूप से उत्कृष्ट फ़िल्म है और फ़िल्म समीक्षकों ने इसे सराहा है। पर वह दर्शकों के बड़े वर्ग तक पहुँचने में नाकामयाब रही। इसके बनिस्बत ‘पहेली’ (अमोल पालेकर) ज्यादा सफल रही है। भले ही इसमें मुंबइया फिल्मी मसालों की छौंक लगी हो पर यह आवश्यक था। माध्यम बदलने पर कुछ न कुछ बदलाव करना पड़ता है। साहित्य के पाठक से कई गुना फ़िल्म देखने वाले दर्शक होते हैं। अधिकांश दर्शकों का मानस मुंबइया फ़िल्मों के हिसाब से ट्यून्ड रहता है।
भूमिकाओं को बिज्जी कृतियों का अनिवार्य हिस्सा मानते थे। उनका मानना था कि कोई कृति तब तक अपूर्ण है जब तक कि उसमें भूमिका को समावेशित न किया गया हो। उनकी अधिकांश कृतियां लंबी चौड़ी भूमिकाओं से युक्त है।
 
उनके द्वारा तैयार वृहत ग्रन्थ ’रूंख’ में तो इक्तीस पृष्ठों की भूमिका है। अपनी भूमिकाओं की शुरुआत किसी को संबोधित करते हुए करते हैं। उदाहरणार्थ ’रूंख’ में कर्मेन्दु शिशिर को, ‘लजवन्ती’ में प्रकाशक दीप चन्द सांखला को और ’ महामिलन’ में अपने मित्र शिव प्रसाद पालीवाल को संबोधित किया है। लेकिन जैसे जैसे पाठक आगे बढ़ता है उसे ऐसी अनुभूति होती जाती है मानों बिज्जी उसी से संवाद कर रहे हों। यह संवाद काफी आत्मीय भरा होता है। बिज्जी अपने कष्टों का बयान तो करते ही हैं, अपनी कमियों को भी पाठकों से साझा करने से नहीं हिचकते। मजे की बात यह है कि इन भूमिकाओं में पुस्तक के विषयवस्तु के बारे में कम और इधर उधर की बातें अधिक होती हैं। उदाहरण के लिए, उपन्यास ‘ महामिलन’ में टैगोर की ‘ काबुलीवाला’ कहानी और इसके माध्यम से रवीन्द्र साहित्य की विस्तारपूर्वक चर्चा है। रूसी साहित्य की भी चर्चा है। दस बारह पृष्ठों के बाद जैसे उन्हे विषयागत कृति का ध्यान आता है और आनन फानन में एक डेढ़ पृष्ठों में इस उपन्यास का परिचय दे देते हैं। ‘लजवन्ती’ में तो गजब ही कर दिया है। प्रकाशक दीप चंद सांखला को संबोधित करते हुए पूरी भूमिका में वह स्टीफन हाकिन्स और उनकी पुस्तक ‘ ए ब्रीफ हिस्ट्री ऑफ टाइम’ की बातें करते हैं। प्रकाशन व्यवसाय होने वाली परेशानियों की चर्चा करते हैं और अंत में ’ पुनश्च’ लिख कर थोड़े ही शब्दों में पुस्तक की अन्तर्वस्तु को व्यक्त कर देते हैं। ‘रूंख’ की भूमिका अत्यंत विविधतापूर्ण हैं। उसमें कार्ल मार्क्स का भी उल्लेख है। विजयदान देथा की गिनती मार्क्सवादियों में नहीं होती परन्तु ‘ रूंख’ की भूमिका में मार्क्सवाद के प्रति आशापूर्ण दृष्टि उजागर होती है। कुछ भूमिकायें इन से हट कर भी हैं जैसे ’ चौधराइन की चतुराई’ की भूमिका जिसमें वह पुस्तक में शामिल कहानियों की रचना प्रक्रिया की चर्चा करते हैं। उनकी ‘ त्रिवेणी’ किताब की भूमिका प्रभाकर श्रोत्रिय ने लिखी है। 
 

 
 
 
उनकी सब कृतियों में ’रूंख‘ सबसे अलग है। पूरे भारतीय साहित्य में ऐसी कोई दूसरी कृति न होगी। उनकी शोधपरक और अन्वेषी दृष्टि के कारण ही यह पुस्तक तैयार हो पायी होगी। ऐसी दृष्टि वाला व्यक्ति एक अभियान से ही संतुष्ट नहीं रह पाता। वह एक अभियान पूरा होते ही दूसरे अभियान के लिए बेचैन हो जाता है। बिज्जी का जब लोक कथाओं के संग्रहण और संरक्षण का काम पूरा हो गया तो वह एक ख़ास तरह की पत्रिका के प्रकाशन की तैयारी में लग गए। इसमें उनके व्यापारी मित्र दामोदर थानवी की भी रुचि थी। दोनों ने मिलकर पत्रिका का नाम ‘रूंख‘ तय किया, जिसका राजस्थानी भाषा में अर्थ होता है- वृक्ष। इस पत्रिका में वृक्ष, जीव जन्तु, विज्ञान, संगीत आदि विविध विषयों को शामिल किया जाना था। दामोदर थानवी से आर्थिक सहयोग का आश्वासन मिलते ही बिज्जी काम पर लग गए। बिज्जी के साथ और लोग भी इस काम में लगे थे जिनमें उनके दो पुत्र कैलाश कबीर और महेन्द्र देथा भी थे। जब विपुल सामग्री एकत्रित हो गयी तो पत्रिका के स्थान पर ‘रूंख’ नाम से ही सात सौ पृष्ठों की सम्यक रचनावली प्रकाशित हुई। इसमें विजयदान देथा की भूमिका परिवेशक की है। जिसमें उनकी रचनाएं कम और अन्य साहित्यकारों जैसे रवीन्द्र नाथ टैगोर, टालस्टाय आदि की अनूदित रचनाएं अधिक हैं। इस वृहत ग्रन्थ पर ‘प्रथम संभार’ लिख कर पाठकों के अंदर अगले संभार की उम्मीद तो जगा दी थी पर अगला संभार फिर कभी नहीं निकल पाया। क्योंकि अनुवादकों की ऐसी टीम को बार बार जुटा पाना आसान नहीं होता। पहले संभार के प्रकाशन में मारवाड़ी व्यापारी दमोदर थानवी का सहयोग मिला था। बार बार आर्थिक सहयोग भी मिलना मुश्किल होता है। फिर भी यह अकेला ग्रन्थ ही भारतीय साहित्य में अलग स्थान रखता है। इसमें पहली बार हिंदी के पाठकों को जगदीश चंद्र बसु क विविध वैज्ञानिक लेख को पढ़ने का अवसर मिला था। इस ग्रन्थ में जगदीश चंद्र बसु और रवीन्द्र नाथ टैगोर के बीच हुए पत्र व्यवहार को भी संकलित किया गया है। इसमें बिज्जी की दो ही कहानियां हैं - प्रिय मृणाल और अदीठ। जो क्रमशः रवीन्द्र नाथ टैगोर और टालस्टाय की रचनाओं से प्रेरित होकर लिखी गयीं हैं और ‘गुरु दक्षिणा’ के रूप में इन्हीं साहित्यकारों को समर्पित हैं। इस किताब में बिज्जी के कुछ आलोचनात्मक लेख, पत्र, उनकी रचनाओं पर पाठकों के पत्र और समीक्षाएं आदि समावेशित हैं। पुस्तक देख कर प्रमाणित होता है कि बिज्जी ने ‘रूंख’ नाम से मरुभूमि में साहित्य का वट वृक्ष उगाने की पूरी कोशिश की थी।
 

 
 
विजयदान देथा ने मूल रूप से हिंदी में भी साहित्य सृजन किया है। ’ सपनप्रिया’ संग्रह की कहानियाँ मूल रूप से हिंदी में ही लिखी गयाीं हैं। लोक में व्याप्त सात प्रेमाख्यान ‘ अनदेखा अन्तस्’, ‘ भरम’, ‘ हिम समाधि’, ‘मरवण’, ‘ दासी की दास्तान’, ‘ संजोग’ तथा ‘ उपाय’ को उन्होने हिंदी लिखा है। ’रूंख’ में उनकी सारी रचनाएं हिंदी साहित्य की मौलिक रचनाएं हैं। उनका एक मात्र उपन्यास ‘ महामिलन’ भी हिंदी में ही लिखा गया है। यह मेरा व्यक्तिगत अनुभव है कि जो कहानियां उन्होने राजस्थानी में लिखीं और जो कैलाश कबीर द्वारा हिंदी में अनूदित होकर हम तक पहुँची, उनमें जो कथारस का आनंद है, वह हिंदी की मौलिक रचनाओं में नहीं हैं। परन्तु मेरा यह भी दावा है कि जिन पाठकों ने उनकी राजस्थनी लोक कथाओं को नहीं पढ़ा है, उन्हें बिज्जी की मूल रूप से हिंदी में लिखी कथाओं को पढ़ने में न कोई परेशानी होगी न कोई शिकायत होगी।
यह पूछने पर कि वर्तमान में हिंदी के कौन से रचनाकार उन्हें पसंद है, उन्होंने बताया कि हिंदी कहानियांँ तो वह पढ़ते ही रहते हैं, पर चूंकि उनकी सोचने समझने की शक्ति क्षीण हो चुकी थी, इसलिए कुछ भी बता पाना मुश्किल था, फिर भी उदय प्रकाश का नाम तो याद था ही। फिर बिज्जी के चेहरे पर चमक आयी और बोले कि साहित्य अकादमी वाले उन पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाना चाहते थे। कई नाम उन्होंने प्रस्तावित किया था पर उनमें से उन्हें कोई जँचा नहीं, पर जब उदय प्रकाश का नाम आया तो उन्होने सहर्ष स्वीकृति प्रदान कर दी, क्योंकि उदय प्रकाश से उनका पहले से ही संवाद था। उदय प्रकाश उनके घर जा चुके थे और उनके साहित्य को समग्रता में पढ़ा भी था। उदय प्रकाश के निर्देशन में बनी डॉक्यूूमेंट्री फ़िल्म से वह काफी संतुष्ट थे।
विजयदान देथा ने केवल लोक कथाओं का ही संचयन नहीं किया है बल्कि लोकगीतों को भी एकत्र करके संरक्षित किया है। लोकगीतों के संचयन का विचार तब आया जब वह कोमल कोठारी के साथ मिल कर राजस्थानी लोक साहित्य की पत्रिका ‘प्रेरणा’ का संपादन करते थे। दोनों ने ‘ प्रेरणा’ के हर अंक में एक राजस्थानी लोकगीत प्रकाशित करने का निर्णय लिया। उनमें से भी केवल उन्हीं लोकगीतों को प्रकाशित करने का निश्चय किया जो तब तक अप्रकाशित और अलिखित थे। यह लोक कथाओं के संचयन से अधिक कठिन कार्य था। यह 1952-53 की बात थी। उन दिनों टेप रिकार्डर आदि का निजी उपयोग कम होता था। इनका उपयोग केवल सरकारी उपक्रमों जैसे आकाशवाणी आदि में होता था। लोकगीतों के संकलन के लिए सबसे ज़रूरी शर्तें थीं, राजस्थानी में लिखने की काबिलियत और सुनाने वाले को विश्वास में लेकर उसकी स्मृतियों को कुरेदवाने का हुनर। लोकगीत अभिलेखित करने वाले को उन स्थितियों और माहौल से वाक़िफ़ होना चाहिए जब उन लोकगीतों को गाया जाता था। बिज्जी ने बताया कि उन्होंने लोकगीतों को पुनः सृजित न करके ज्यों का त्यों अभिलेखित किया था जो ‘गीतों की फुलवारी’ में संकलित है। इस तरह से बिज्जी ने पूरे के पूरे लोक जीवन को संरक्षित किया।
लोक जीवन को समर्पित विजयदान देथा के संपूर्ण व्यक्तित्व में ‘लोक मानुष’ झलकता था। सफेद धोती-कुर्ता और गांधी टोपी उनका पहनावा था। जब रहन-सहन, सोच-विचार आदि सबमें लोक झलकता था तो अतिथि सत्कार की राजस्थानी परंपरा का निर्वाह तो करना ही था। उनकी मेहमानवाजी का बहुतों ने लुत्फ़ उठाया। इसका मुख्य कारण तो यह था कि बिज्जी बोरुन्दा छोड़ कर बहुत कम बाहर जाते थे। पर उनकी कहानियों पर उनका कोई लगाम न था। ये कहानियां गाँव, शहर, राज्य आदि सभी की हदें तोड़ती जा रहीं थीं। बहुत से नाटककार, फ़िल्मकार, धारावाहिक निर्माता- निर्देशक आदि उनकी कहानियों के इस्तेमाल हेतु उनसे मिलने को बेताब रहते थे। वे बोरुन्दा आते थे तो बिज्जी के घर में ही कुछ दिन रुकते थे। जब हबीब तनवीर ‘चरणदास चोर’ का मंचन कर रहे थे तो एक बार पूरा नाट्य दल लेकर बोरुन्दा आए थे। यह नाट्य दल कई दिनों तक बोरुन्दा में टिक कर नाटक का रिहर्सल करता रहा। बोरुन्दा के लोगों ने भरपूर आत्मीयता से पूरे नाटक दल की खातिरदारी की। मुझे कहने में कोई संकोच नहीं कि उनकी इस आतिथ्य सत्कार का मैं भी साक्षी रहा हूँ। वह शराब नहीं पीते थे लेकिन मेहमानों के लिए उम्दा किस्म की शराब की एक बोतल अवश्य उनकी अल्मारी में रहती थी। उन्होंने अपने पुत्र कैलाश कबीर से कहा कि अगर मैं पीना चाहूँ तो वह (कैलाश कबीर) मेंरा साथ दे दें। मेहमाननवाजी की ऐसी मिसाल शायद ही कहीं मिले। वैसे बिज्जी का संपूर्ण व्यक्तिव और कृतित्व ऐसा था कि इसकी दूसरी मिसाल शायद ही दुनिया में हो। वर्ष 2011 में साहित्य के लिए नोबेल पुरस्कर के संभावितों की अंतिम सूची में उनका नाम था। रवीन्द्र नाथ टैगोर के बाद पहली बार कोई भारतीय साहित्यकार नोबेल पुरस्कार के इतने करीब पहुँचा था। यद्यपि कि नोबेल पुरस्कार स्वीडिश साहित्यकार टामस ट्रांसट्रोमर को मिला लेकिन इससे विजयदान देथा कि महत्ता कम नहीं हो गयी। लोक कथाओं के अद्भुत किस्सागो के रूप में दुनिया उन्हें सदैव याद रखेगी।