Tuesday, December 16, 2025

 


 

वे अपने वक्त से बहुत आगे थीं- योगेन्द्र आहूजा

(यह आलेख  ‘विदुज बेटन ’ द्वारा आयोजित  स्त्रियों की यात्रा को लेकर लिखी गयी कहानियों पर  केन्द्रित  ‘उजास की ओर’ सीरीज के अन्तर्गत दिनांक 6 दिसंबर 2025  को रशीद  जहाँ की कहानियों पर चर्चा के दौरान पढ़ा गया.)


 


 

 

 

उर्दू, जिसकी शाइस्तगी, शगुफ्तगी और शीरीं-बयानी के हम सभी कायल हैं - में अफसाने की एक मजबूत रवायत रही है। जिस तरह हिंदी की मेनस्ट्रीम कहानी मानवीय, प्रगतिशील, ताकत और सत्ता के विरुद्ध और वंचितों के पक्ष में रही है, उर्दू की कहानी भी यही राह लेती रही है। उसके जो बड़े अफसाना-निगार हैं –इस्मत, मंटो, बेदी, कृश्न चंदर – हिन्दी के अपने लेखकों की तरह ही पढे जाते रहे हैं। सबकी तरह मुझे भी उनसे प्रेम रहा है, लेकिन पुरानी ब्लैक एंड व्हाइट फिल्मों के नायकों जैसा खामोश, पोशीदा और सिर्फ दिल ही दिल में। उसके बारे में कुछ कहने या लिखने का मौका कभी नहीं आया। आज रशीद जहां के बहाने मुझे इस बारे में कुछ कहने का मौका देने के लिए मैं इस मंच का शुक्रगुजार हूँ।  

उनके बारे में कुछ कहने के लिए इस कहानी को कुछ पहले से शुरू करना होगा। जिस तरह दुनिया में हर चीज की एक कहानी होती है, उसी तरह कहानियों की भी एक कहानी होती है ... दरअसल हर कहानी की अपनी एक अलग कहानी होती है। हर व्यक्ति की तरह हर जुबान और मुल्क में भी ऐसे दौर आते हैं जब लगता है जैसे उसकी सारी शक्तियाँ एक साथ जाग पड़ी हों। किसी चमत्कार या जादू की तरह अचानक या अपने-आप नहीं, उसके पीछे बरसों और दशकों की ऐतिहासिक प्रक्रियायें होती हैं। तब एक नयी भाषा, नये ख्याल, नये कला-रूप पैदा होते हैं। बने-बनाये साँचों को तोड़कर नये कवि, लेखक, विचारक और विद्वान पैदा होते हैं। हर शख्स दूसरे से सीखता है, एक दूसरे को पछाड़ता है, एक दूसरे को आग और रोशनी देता है। ऐसा एक विस्फोट या उबाल अब से नब्बे बरस पहले, पिछली सदी की चौथी दहाई में हुआ था। आज जब हम उसे उस वक्त के बरक्स देखते हैं, यह बहुत आश्चर्यजनक, एक चमत्कार जैसा लगता है।

पिछली सदी का चौथा दशक... जब देश पर अंग्रेज काबिज हैं और पूरे देश के 28 प्रतिशत हिस्से में प्रिंसली स्टेट्स हैं, राजाओं और नवाबों के अधीन। सतह पर सुस्त बहते पानी जैसा आम जीवन है, मगर तली में झाँकने पर दुर्गंध और दमन और उत्पीड़न की एक दम घोंटने वाली अनुभूति। एक ओर औपनिवेशिक गुलामी और दूसरी तरफ वर्णव्यवस्था के शिकंजे में पिसते साधारण जन बेउम्मीद, पस्त और मायूस थे। तीस के दशक की शुरुआत में, दिसंबर 29 में लाहौर-अधिवेशन में कांग्रेस ने पहली बार पूर्ण स्वराज्य का रिजोल्यूशन एडाप्ट किया। 26 जनवरी 1930 को पूरे देश में पूर्ण स्वराज दिवस मनाया गया। इसी साल मार्च-अप्रैल में गांधी जी ने डांडी मार्च किया और पूरे देश में सिविल नाफ़रमानी मूवमेंट में एक लाख गिरफ़्तारियाँ हुईं, जिनमें बड़ी तादाद में औरतें थीं। 23 मार्च 1931 को भगतसिंह फांसी पर चढ़ाये गये।

ऐसी राजनीतिक हलचलो के बीच, इसी महान दशक में शुरुआत हुई अंजुमन तरक्कीपसंद मुसन्निफीने हिंद या प्रोग्रेसिव राइटर्स मूवमेंट की जिसका स्वर सामा्ज्यवाद विरोधी और वामोन्मुख था। प्रगतिशील लेखक संघ की स्थापना लखनऊ में जुलाई 1936 में हुई। इसके बाद भारतीय साहित्य वह नहीं रहा जो पहले था। हमेशा के लिये बदल गया।

उस वक्त हिंदुस्तान में ही नहीं, पूरे दक्षिण एशिया में औरतों के लिये किसी भी तरह की बौद्धिक गतिविधि मना थी। परंपरागत रूप से उनकी आवाज को गले में ही घोंट देने के पुख्ता इंतजाम थे। ऐसे वक्त में बदायूं जैसे कस्बे के एक मध्यवर्गीय परिवार से एक औरत आती है, बेबाक, दिलेर और बागी - और अपनी तरह से उर्दू अफसाने की दुनिया को बदल देती है। मैं इस्मत चुगताई की बात कर रहा हूँ। वे वर्जनाओं से लदे, दमनपूर्ण मध्यवर्गीय समाज में औरत की स्थिति की पड़ताल करती हैं उस वक्त जब पश्चिम में भी नारीवाद एक नया विचार था।

1936 में जब वे बी.ए. में पढ़ रही थीं, लखनऊ में प्रलेस की मीटिंग में हिस्सा लेने गईं। वहां उनकी मुलाकात हुई रशीद जहां से और वहीं उनके जीवन की दिशा तय हो गयी। वे उनकी मुरीद हो गयीं, और उनका असर जीवनपर्यंत रहा। उनकी आज़ाद लेखन-शैली और बेबाक आवाज़ ने इस्मत चुगताई को वह दृष्टि दी, जिससे उन्होंने उर्दू अदब में महिलाओं की जिंदगी और उनकी चाहतों को मुखर बनाया। इस्मत स्वीकार करती थीं कि रशीद जहाँ न होतीं, तो शायद वे वह लेखक न बन पातीं जो बनीं। उन्होंने लिखा है – उन्होंने मुझे बिगाड़ दिया, क्योंकि वे बहुत बोल्ड थीं और हर बात बेझिझक, बगैर किसी दुविधा के, ऊँची आवाज़ में कहती थींमैं उनकी नकल करना चाहती थी, चाहती थी कि बस उन्हें देखती रहूँ, ‘खा जाऊँ उन्हें - और यह भी – सुंदर नायक-नायिकाएँ… मोम जैसी उँगलियाँ, नींबू और गुलाबी फूल—सब गायब हो गए। धरती-सरीखी रशीद जहाँ ने मेरे सारे हाथी-दाँत के बने देवताओं को चकनाचूर कर दिया… ज़िंदगी नंगी-सच्चाई के साथ मेरे सामने खड़ी हो गई।

 रशीद जहां की शख्सियत चकित करती है। 1905 में अलीगढ़ में जन्मी रशीद जहां के parents महिलाओं की शिक्षा के हिमायती और एक महिला-कॉलेज की स्थापना से जुड़े थे। 1931 में आये कहानी-संग्रह ‘‘अंगारे’’ की एक लेखक, उर्दू अदब में एक नये युग की शुरुआत करने वाली, दिल्ली के लेडी हार्डिंग मेडिकल कालेज में गायनाकालिस्ट और लेखक, प्रलेस की एक आवाज, कम्युनिस्ट पार्टी की सक्रिय मेम्बर। पिछली शताब्दी के तीसरे दशक में औरतों के लिये यह कितना मुश्किल रहा होगा, आज इसका पूरा अंदाज लगा पाना असंभव है। ये बोल्ड, प्रखर, तेजस्वी, बागी औरतें सिर्फ अपने वक्त की अभिव्यक्ति नहीं, अपने वक्त से बहुत आगे थीं । रशीद जहां के गैर-पारंपरिक लिबास, उनके हेयर-स्टाइल को लेकर मंटो ने कुछ फिकरे कसे हैं(*), जो उन जैसे अजीम अफसानानिगार को ज़ेब नहीं देते। बात छिड़ी है तो ... just to put on record - कहना चाहता हूँ कि मंटो ने मीना बाज़ार में नृत्यांगना और अभिनेत्री सितारा देवी का जो स्केच खींचा है, वह भी उन जैसे बड़े लेखक के लिए शोभनीय नहीं है। बहरहाल, मुझे आश्चर्य नहीं होगा अगर पता चले कि रशीद जहां इस उपमहाद्वीप की पहली मुस्लिम लेडी डाक्टर थीं। पहली महिला डाक्टर आनंदी गोपाल जोशी ने 1886 में मेडिकल की डिग्री ली थी। गूगल बताता है कि पहली मुस्लिम महिला डाक्टर जोहरा बेगम काजी थीं, जिन्होंने 1935 में लेडी हार्डिंग मेडिकल कालेज से डिग्री ली थी। यह बात कुछ उलझन भरी है क्योंकि रशीद जहां 1931 में उसी लेडी हार्डिंग मेडिकल कालेज से ग्रेजुएट हुईं थीं। इस तरह इस उपमहाद्वीप की पहली मुस्लिम महिला डाक्टर वे ठहरती हैं। उनका नाम इस रूप में क्यों दर्ज नहीं है। जो साहित्य के रिसर्चर हैं इसकी तफतीश कर सकते हैं। अगर यह बात सही है तो इसे जरूर दर्ज होना चाहिये।

लेकिन हम यहां डाक्टर रशीद जहां को नहीं, लेखक रशीद जहां को याद कर रहे हैं, जो उर्दू में ही नहीं, शायद किसी भी भारतीय भाषा में पहली नारीवादी थीं, पर्दे के पीछे’ जो पर्दे के विरुद्ध पहली कहानी है, और ‘दिल्ली की सैर’ जैसी कहानियों की लेखिका। ये दोनों कहानियां ‘अंगारे’ संग्रह में हैं, जिसका उर्दू की लिटरेरी हिस्टी में क्या महत्व है, इसे जानकार लोग जानते हैं। इस संग्रह को अंग्रेज सरकार ने जब्त किया था। इसके अलावा वे ‘चिंगारी’ की संपादक थीं जो उर्दू की पहली मार्क्सवादी पत्रिका थी। यही नहीं वो इप्टा की स्थापना से भी पहले इस देश में प्रोग्रेसिव थियेटर की संस्थापकों में से एक थीं। उन्होंने चेखव और प्रेमचंद से लेकर ब्रेख्त और जेम्स ज्वाइस तक की रचनाओं का नाट्य-रूपांतर और उनकी प्रस्तुति, निर्देशन किया। और यह सब तीस के दशक में ... इस बात को बार-बार दोहरा कर भी इसका महत्व पूरी तरह नहीं बताया जा सकता। 

इस्मत, रशीद जहां, और अन्य भी ... मैं उन्हें सिर्फ लेखिकाओं या घटनाओं की तरह नहीं, परिघटनाओं की तरह, फिनामिनन की तरह देखता हूं। हिंदी के लोग रशीद जहां को कम जानते हैं और उन्हें याद करने के मौके तो और भी कम आते हैं। रशीद जहां, इस्मत, रजिया सज्जाद जहीर ये किसी और दुनिया से नहीं आये थे। उसका संबंध उस वक्त के राजनीतिक वातावरण से है। गांधी जी से असहमतियां हो सकती हैं लेकिन यह तथ्य मिटाया नहीं जा सकता कि उनके असहयोग आंदोलन में, इस मुल्क के इतिहास में महिलायें शायद सैकड़ों सालों के बाद पहली बार घर से बाहर आयी थीं। और उर्दू अदब में यह सिर्फ शुरुआत थी । उसके बाद बागी लेखिकाओं और शायराओं की एक ऐसी भरी-पूरी रवायत बनी जिस पर अन्य भाषाओं को रश्क हो सकता है । बुरी औरत की कथा, बुरी औरत के खुतूत, रबे शर्तनामाऔर वहशत और बारूद में लिपटी हुई शायरीजैसी रचनाओं की लेखिका किश्वर नाहीद, जो पाकिस्तान के दमनपूर्ण समाज में अंतश्चेतना की आवाज बनीं। नींद की मुसाफतें और रास्ते मुझे बुलाते हैं जैसी रचनाओं की लेखिका अजरा अब्बास और सिर्फ यही नहीं ... अदा जाफरी, खदीजा मस्तूर, जमीला हाशमी, बानो कुदसिया, फहमीदा रियाज, मुमताज शीरीं, जीलानी बानो, परवीन शाकिर, जाहिदा हिना, जाहिरा परवीन, शबनम शकील, शाहिदा हसन ... यह सूची बहुत-बहुत लंबी है। सबका स्वर रूढ़ियों, दमन और अन्याय के प्रति कमोबेश वैसा ही अवज्ञाकारी या डिफाएंट है जो मंटो या इस्मत चुगताई का था। रशीद जहां इन सबकी pioneer और प्रेरक थीं।  

वे सिर्फ एक अफसाना-निगार नहीं थियेटर और दीगर राजनीतिक, सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय थीं और इनके अलावा डॉक्टर थीं ही। सिर्फ लेखक होने से बढ़कर वे अपने आप में वे एक पूरी तहरीक थीं। वे अधिक नहीं लिख सकीं, लेकिन अदृश्य रूप से उस समय की कितनी ही रचनाओं में मौजूद हैं। उनका एक परिचय यह है कि प्रेमचंद की ‘गोदान’ की ‘मालती’ — जो पेशे से डॉक्टर, आधुनिक, आत्मविश्वासी, सामाजिक कुरीतियों के प्रति आलोचनात्मक और स्त्री-स्वतंत्रता की समर्थक थीं, दरअसल वही हैं।  प्रेमचंद रशीद जहाँ के बेहद क़रीबी थे (प्रगतिशील लेखक संघ के शुरुआती स्तंभों में दोनों शामिल थे)। उनकी शख्सियत का असर प्रेमचंद के कई स्त्री-पात्रों पर दिखता है, लेकिन मालती सबसे प्रत्यक्ष और पहचानी जाने वाली छवि है। यह आलोचकों और शोधकर्ताओं की लगभग सर्वसम्मत राय है।

एक कयास-आराईमैं भी करना  चाहता हूँ और वह यह कि प्रेमचंद की विलक्षण कहानी क्रिकेट मैच की मिस हेलेन मुखर्जी जैसा गैर-मामूली पात्र  भी कभी न सिरजा जाता अगर वे रशीद जहां को न जानते। हेलेन मुखर्जी ने भी डाक्टरी की पढ़ाई की है। कहानी में वे अंग्रेजों की क्रिकेट टीम के विरुद्ध हिन्दुस्तान की टीम तैयार करती हैं।

उनके बारे में अन्य तथ्य ये हैं - 1934 में उन्होंने महमूद-ज़फ़र से विवाह किया। उनकी साहित्यिक-राजनैतिक गतिविधियां अंत तक जारी रहीं जिनके कारण उन्हें अक्सर निगरानी और चुनौतियों का सामना करना पड़ा। 1949 में रेल्वे हड़ताल में भाग लेने पर वे कुछ समय जेल में भी रहीं। 1952 में कैंसर से उनका निधन हुआ।

.---------------------------------------

(*)डॉक्टर रशीद जहां का फ़न आज कहाँ है? कुछ तो गेसुओं के साथ कटकर अलैहदा हो गया और कुछ पतलून की जेबों में ठुस कर रह गया। फ़्रांस में जॉर्ज सेड ने निस्वानियत का हसीन मलबूस उतार कर तसन्नो की ज़िंदगी इख़्तियार की। पुलिस्तानी मूसीक़ार शोपाँ से लहू थुकवा-थुकवा कर उसने ला’ल-ओ-गुहर ज़रूर पैदा कराए, लेकिन उसका अपना जौहर उस के बतन में दम घुट के मर गया।

(मंटो के एक आलेख से)


 

 

Saturday, November 29, 2025

 

 

 

No photo description available.

                                             विजय को याद करते हुए एक साल                                                                                               

साहित्यकार और रंगकर्मी विजय गौड़ का देहावसान हुए एक वर्ष हो गया लेकिन इस एक वर्ष में उनकी स्मृतियों ने लोगों को खूब सताया है । उनके पहले स्मृति दिवस 21 नवंबर 2025 पूर्ति और पवि गौड़ की ओर से उनके घर पर आयोजित स्मृति सभा में लोगों ने कुछ ऐसी ही‌ भावनांए व्यक्त की थी। विजय की रचनात्मकता के विभिन्न सोपानों के साक्षी रहे उनके मित्रों ने इस बार उनके व्यक्तित्व की तुलना में कृतित्व की अधिक चर्चा की। विजय गौड़ बहुत आयामी प्रतिभा के धनी थे। शतरंज के बहुत अच्छे खिलाड़ी थे और राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में भाग लिया करते थे। वह एक अच्छे ट्रेकर भी थे और साल में एक बार पहाड़ों की दुर्गम स्थानों पर ट्रैकिंग पर निकल जाया करते थे। वह ‘ लिखो यहां वहां’ नाम से साहित्यिक ब्लाग भी चलाते थे। जो लाखों लोगों द्वारा देखी जा चुकी थी। स्मृति सभा में विजय की इन्हीं बहु आयामी कृतित्व की चर्चा की गयी। विजय के हम उम्र और एक तरह से साहित्य के सहपाठी रहे डा राजेश पाल और अरुण कुमार असफल ने उनके साथ मिल कर ‘ संवेदना’  की क‌ई महत्वपूर्ण गोष्ठियों का आयोजन किया था। दोनों ने विजय के साहित्यिक अवदान की चर्चा की। विजय की दुर्गम यात्राओं के साथी रहे सी एन मिश्रा ने विजय के साथ की गयी या‌त्राओं के संस्मरण साझा किये। उन्होंने बताया कि विजय ने उनके साथ मोटर साइकिल द्वारा भारत भ्रमण की योजना भी बनायी थी और वे तैयारियों में लग भी गये‌ थे । लेकिन वह अचानक ही अकेले निकल पड़े। 

 



 कथाकार नवीन कुमार नैथानी ने विजय के उत्साही स्वाभाव का स्मरण किया। उन्होंने बताया कि उन्हें जो काम करना होता था उसे शीघ्र पूरा करने के लिए वह अधीर रहते थे। वह एक साथ क‌ई रचनाओं पर काम करते थे। निधन से पूर्व वह दो उपन्यास एक साथ लिख रहे थे और दोनों ही उपन्यास शोधपरक थे। नवीन कुमार नैथानी ने पत्रकार साहित्यकार अरविंद शेखर के साथ मिलकर विजय के ब्लाग ‘लिखो यहां वहां' के पुन: आरंभ करने की भी सूचना दी। फिल्म विशेषज्ञ और लेखक मनमोहन चढ्ढा ने विजय के उपन्यास ‘ फांस’ की मनोयोग से चर्चा की। सभा में अमेरिका से आयीं जेनेटिक विज्ञानी और लेखिका सुषमा नैथानी और दिल्ली से आए वरिष्ठ लेखक सुरेश‌ उनियाल ने भी विजय की स्मृतियों को साझा किया। सभा में लोगों ने विजय गौड़ की अप्रकाशित और असंकलित रचनाओं का संकलन निकालने की इच्छा व्यक्त की।
स्मृति सभा में साहित्यकार कुसुम भट्ट, दिनेश चन्द्र जोशी, समदर्शी बड़थ्वाल, कविता कृष्णपल्लवी , अरविंद शेखर , चंद्रकला आदि ने‌ भी‌ अपनी बात रखी थी। सभा का संचालन वरिष्ठ कवि राजेश सकलानी ने किया।

(प्रस्तुति- अरुण कुमार ‘असफल’)

 

Friday, November 21, 2025

 

 

 

  कविता/    संग-साथ इक्कीस साल

 

 

 


(आज  इस ब्लॉग के संस्थापक विजय गौड़ को गये  एक साल बीत चला है. विजय को याद करते हुए हमारी कोशिश रहेगी कि फिर से इस ब्लॉग को नियमित रूप से जारी रख सकें.फिर से इस सिलसिले को शुरू करते हुए आज विजय की कविता लगा रहे हैं) 

-अरविन्द शेखर, नवीन कुमार नैथानी )

 

संग-साथ इक्कीस साल

 विजय गौड़ 

सबसे ज्यादा गुस्साया सिर्फ पत्नी पर 

डरते-डरते काट दिए उसने इक्कीस साल

 चाहा नहीं कभी मैंने पर, डरे वह हरदम

 गुस्साया यूँ आज तक जितना 

काश, गुस्सा पाया होता एक हिस्सा भी

 गोली, लाठी और बौछारों से 

बेदम कर देने वालें समाजद्रोहियों पर,

 अहंकार को मुँह चिढ़ाती मुस्कान पर

बना रहा शांत, कहलाया भला

 डराने भर को भी गुस्सा न पाया

 हरामियों पर इन इक्कीस सालों में। 

 

 

Sunday, September 29, 2024

विद्यासागर स्मृति सम्मान 2024

 



सादगी और सुरुचिपूर्ण तरह से सम्पन्न हुए विद्यासागर स्मृति सम्मान के कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ साहित्यकार गुरदीप खुराना ने कहा कि कथाकार विद्यासागर नौटियाल की स्मृति में दिये जाने वाले महत्वपूर्ण सम्मान के लिए वर्ष 2024 सम्मान पंकज बिष्ट को दिया जाना उसे परम्परा का सम्मान है जिसका प्रतिनिधित्व नौटियाल जी की रचनाएं करती हैं। अध्यक्षीय वक्तव्य ज्ञापित करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि पंकज बिष्ट ने न सिर्फ अपने रचनात्मक लेखन से बल्कि आज के दौर में समयांतर जैसी महत्वपूर्ण को प्रकाशित कराते हुए भी अपनी उस भूमिका का लगातार निर्वाहन किया है जो उनकी सामजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आगे उन्होने कहा कि यह इस बात से भी दिखायी देता है कि समयांतर में लिखने वाले अन्य लेखक भी पंकज बिष्ट की तरह ही प्रतिबद्धता वाले लोग है।

रविवार को सेव हिमालय मूवमेंट एवं देहरादून के रचनाकारों की संस्था संवेदना की ओर से साहित्य के क्षेत्र का प्रतिष्ठित विद्यासागर नौटियाल स्मृति सम्मान -2024 प्राप्त करने के बाद पंकज बिष्ट ने कहा कि विद्यासागर नौटियाल ने अपनी राजनीतिक साहित्यिक प्रतिबद्धता कभी छिपाई नहीं। सम्मान ग्रहण करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिबद्धता क्या होती है यह मैने विद्यासागर नौटियाल से सीखा है।

प्रेस क्लब, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ कवि एवं पत्रकार इब्बार रब्बी ने कहा कि वे  पंकज बिष्ट को उनके लेखन के शुरुआती समय से जानते हैं और इसीलिए कह सकते हैं मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता पंकज बिष्ट के साहित्य का मूल स्वर है। उन्होंने यह भी कहा कि वे हमेशा से जानते हैं कि पंकज बिष्ट किसी भी सच को सामने लाने में उसी तरह खरे जैसे सच को अपनी रचनाओं का केंद्र बनाने में नौटियाल जी ने कभी संकोच नही किया।


पंकज बिष्ट के साहित्य पर विस्तृत टिप्पणी करते हुए डॉ. संजीव नेगी ने कहा कि पंकज बिष्ट की साहित्यिक दृष्टि ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य को समेटे होती है और इसीलिए उनकी रचनाओं में जो समय दर्ज होता है उसका सीधा सम्बंध उदारीकरण से उपजी विसंगतियों, बाबरी विध्वंस और वैश्विक परिघटनाओं के साथ बना रहा। बच्चे गवाह नहीं हो सकते, पंद्रह जमा पचीस, टुंड्रा प्रदेश व अन्य कहानियों के साथ साथ उन्होंने पंकज बिष्ट के उपन्यास लेकिन दरवाजा, उस चिड़िया का नाम, पंखोंवाली नाव आदि से उद्धरणों के जरिए अपनी स्थापनाओं को रखा और बताया कि विद्यासागर नौटियाल जहां समष्टि की बात करते थे पंकज बिष्ट मनुष्य के भीतर की कहानी कहते हैं।

पहला विद्यासागर सम्मान 2017 में कथाकार सुभाष पंत को दिया गया था। एक अंतराल के बाद दूसरा सम्मान 2022 में कथाकार शेखर जोशी को दिया गया और तीसरा सम्मान वर्ष 2023 में डॉ. शोभा राम शर्मा को दिया गया था।

वर्ष 2024 के सम्मान के पांच सदस्य चयन समिति में वरिष्ठ कथाकार सुभाष पन्त, हम्माद फारुकी, धीरेन्द्र नाथ तिवारी, जितेंद्र भारती व राजेश पाल थे। चयन समिति ने सर्वानुमति से पंकज बिष्ट को उनके उल्लेखनीय लेखन के आधार पर इस सम्मान के लिए योग्य पाया। चयन समिति की ओर से वक्तव्य देते हुए साहित्यकार एवं संस्कृति कर्मी हम्माद फारुखी ने पंकज बिष्ट और विद्यासागर नौटियाल को एक समान विचार का कथाकार बताया। उन्होंने पंकज बिष्ट व उनके साहित्य का व्यापक परिचय दिया। और बताया कि किस तरह कुमाऊं के अल्मोड़ा , मुम्बई ,  भारत सरकार के सूचना सेवा विभाग के प्रकाशन विभाग में उपसंपादक व सहायक संपादक, योजना के अंग्रेजी सहायक सम्पादक, आकाशवाणी की समाचार सेवा में सहायक समाचार संपादक व संवाददाता, भारत सरकार के फिल्म्स डिवीजन में संवाद- लेखन करते हुए भी व साहित्यरत रहे हैं। उनके द्वारा संपादित समयांतर सबसे विचारपरक पत्रिकाओं में है।

पंकज बिष्ट जी ने अपने भाषण के दौरान एक दिलचस्प बात यह कही, कि जब लगता है सब कुछ लिखा जा चुका है और नया कुछ लिखने के लिए नहीं बचा तो पत्रकारिता में नयापन ढूंढना पड़ता है. यह कभी ना खत्म होने वाला स्रोत है. इस संदर्भ में उन्होंने अपनी पत्रिका समयांतर पर बात करते हुए बताया कि  समय पर पत्रिका निकालना और पाठकों तक पहुंचाना कितना श्रमसाध्य कार्य है. उन्होंने पत्रकारिता में कमिटमेंट, प्रतिबद्धता,और जनपक्षधर्ता जैसे तत्वों की अनिवार्यता पर अपने विचार रखे।

इस मौके पर सेव हिमालय मूवमेंट के संरक्षक जगदंबा रतूड़ी, राजीव नयन बहुगुणा, साहित्यकार जितेंद्र भारती, नवीन नैथानी, राजेश सकलानी, दिनेश जोशी, कृष्णा खुराना, कुसुम भट्ट, चंद्रनाथ मिश्र, अरुण कुमार असफल गढवाली के रचनाकार दैवेंद्र जोशी, मदन डुकलान, बीना बैंजवाल, कान्ता घिल्डियाल, सामाजिक-राजनैतिक कार्यकर्ता समर भंडारी, सुरेंद्र सजवाण, संजीव घिल्डियाल, चंद्रकला, राजेंद्र गुप्ता समीर रतूड़ी, अंतरिक्ष नौटियाल, पंचशील, अनीता नौटियाल आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान समय साक्ष्य, काव्यांश प्रकाशन, राहुल फाउंडेशन और गार्गी प्रकाशन वालों ने पुस्तक प्रदर्शनी भी लगायी।  

Sunday, June 16, 2024

यह कागज की कतरनों का खेल है

यूं तो अरविंद शर्मा की पहचान एक फोटोग्राफर की ही रही। साहित्यिक सांस्कृतिक गतिविधियां ही नहीं, रैली, जूलूस, धरने प्रदर्शन के फोटो खींचना ही उसका शौक भी रहा और रोजगार भी। उसके द्वारा खींची गई फोटो की खूबी रही कि फोटो में दिखाई दे रहे चेहरे को पहचानने के लिए आपको आंखों में जोर नहीं डालना पड़ेगा। चाहे तस्वीर किसी भीड़ की ही हो। अरविंद को भीड़ के बीच भी जिस किसी की तस्वीर खींचनी होती रही, उसे खींचने में शायद ही कभी चूका हो। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौर में इसीलिए जब वह अपना कैमरा कंधे पर लिये दिख जाता था तो पिछले दिन की तस्वीरों में अपना चेहरा छांट लेने वालों की भीड़ उसे थैला खोलकर तस्वीरें उनके हवाले कर देने के लिए मजबूर कर देती थी। अरविंद जानता था कि जिसे अपनी तस्वीर दिख जाएगी, ले ही लेगा। पैसे भी मिल ही जाएंगे। लेकिन कई बार ऐसा भी होता था कि तस्वीर वाले ने अपने से सम्बंधित तस्वीर तो रख ली लेकिन पैसे नहीं दिये। अरविंद के लिए लेकिन इस बात के कोई मायने नहीं रहे। वह तो उस वक्त भी फोटो खींचने में ही लगा रहता था। यानि नफे नुकसान की चिंता किये बगैर ही वह अपने काम में मशगूल रहता था। यह जानना दिल्चस्प है कि अरविंद को कैमरे के आईपीस में आंख धंसाकर फोटो लेने में असुविधा होती थी। क्योंकि उस तरह से ओबजेक्ट को फोकस करने में उसकी आंखें साथ नहीं दे पाती। उसका हुनर तो इसी बात का रहा कि दूरी का सही सही अंदाजा लगा वह कैमरे को सिर से भी ऊपर उठाकर एक दुरुस्त फोटो खींच लेता रहा।

अब कैमरा तो छोड़ दिया अरविंद भाई ने लेकिन भीतर बसी मानवीय आकृतियों को उकेरने के लिये कोलाज बनाये हैं। आप चाहें तो इन कोलाजों को फ्रेम करके अपने घर में लगा सकते हैं। अरविंद भाई को फोन करें, वे आपको कोलाज की डिजीटल कॉपी भेज देंगे। अरविंद भाई को मालूम है, पैसे मिल ही जाएंगे। न भी मिलें तो वे कोलाज बनाना बंद करने से तो रहे।         

यह कागज की कतरनों का खेल है, आप इन्हें पेंटिग भी मान सकते हैं।